हरियाणा : हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी के हरियाणा आगमन से प्रदेश सरकार बौखला गई है। इसलिए राहुल गांधी के आगमन पर रोड़ा अटकाने की साजिशें रची जा रही है। मगर राहुल गांधी हरियाणा में जरूर आएंगे और किसानों का दर्द सुनेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल के हरियाणा आगमन पर प्रदेश कांग्रेस उनका जोरदार स्वागत करेगी।

सैलजा के अनुसार राहुल गांधी का अधिकार है कि वह लोगों की बात सुनें और उनका दुख दर्द बांटें। उनके आने की सूचना से ही भाजपा सरकार बौखलाई हुई है और डरी हुई है। हम देखेंगे कि कैसे हरियाणा सरकार उन्हें हरियाणा में आने से रोकती है। राहुल गांधी जी हरियाणा आएंगे और अवश्य आएंगे। सैलजा ने कहा कि राहुल हर गरीब और जरूरतमंद के लिए हमेशा खड़े रहते हैं। भाजपा सरकार द्वारा तीन ‘कृषि विरोधी काले कानून’ बनाए गए हैं। इन ‘काले कानूनों’ के द्वारा भाजपा सरकार लोगों की रोजी रोटी को खत्म करना चाहती है। यह सरकार पूंजीपतियों को बढ़ावा दे रही है। इन कानूनों के खिलाफ किसान, मजदूर, आढ़तियों को अपना समर्थन देने को राहुल गांधी को हमने हरियाणा का दौरा करने के लिए आमंत्रित किया है।
वह हरियाणा आकर किसान, मजदूर आढ़तियों से मुलाकात करेंगे और उनका दुख दर्द बांटेंगे। सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी के हरियाणा दौरे की तैयारियों को लेकर दिल्ली में शनिवार को होने वाली बैठक अब रविवार को आयोजित की जाएगी। इस बैठक में हरियाणा कांग्रेस के सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक व वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे।
