हरियाणा : अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान दंगल गर्ल बबीता फोगाट ने हरियाणा के उप खेल निदेशक के पद से इस्तीफा दे दिया है। बबीता ने अपना त्यागपत्र खेल विभाग के प्रधान सचिव को भेजा है। उन्होंंने त्यागपत्र देने का कोई कारण नहीं बताया है। बबीता को कुछ दिन पहले इस पद पर नियुक्त किया गया था। इस पर कुछ पूर्व खिलाड़ियों ने सवाल उठाए थे। बबीता ने भाजपा के टिकट पर पिछला विधानसभा चुनाव लड़ा था।

बबीता फोगाट अपने बयानों और ट्वीट को लेकर अक्सर चर्चाओं में रही हैं। पहले हरियाणा सरकार से टकराव के बाद बबीता फोगाट ने 2019 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। उनको इस चुनाव में पराजय का सामना करना पड़ा। इसके बाद वह अपने ट्वीट और सोशल मीडिया पर पोस्ट को लेकर चर्चाओं में रहीं।
अभी कुछ दिन पहले बबीता फोगाट काे हरियाणा सरकार ने खेल उपनिदेशक पद पर नियुक्त किया था। इस पर हरियाणा के कई पूर्व खिलाड़ियों ने सवाल उठाया था। इन खिलाड़ियों का कहना था कि किसी राजनीतिक पार्टी से जुड़ने के कारण किसी खिलाड़ी को खेल से जुड़े पदों पर नियुक्ति देना गलत है। बबीता ने अभी इस्तीफा को लेकर कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है।
दंगल गर्ल बबीता फोगाट पंचकूला स्थित खेल निदेशालय में कार्यरत थीं। बबीता ने अपने त्यागपत्र में कोई कारण नहीं बताया है। उन्होंने कुछ अपरिहार्य कारणों से अपने पद से इस्तीफा देने की बात कही है। बता दें कि बबीता फोगाट ने महिला कुश्ती के क्षेत्र में विश्वभर में भारत और हरियाणा का नाम रोशन किया है। उन्हाेंने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अनेक पदक जीते हैं।
