फरीदाबाद : पल्ला थाना क्षेत्र में कोड से एटीएम खोलकर करीब 17 मिनट में 19.94 लाख रुपये उड़ा लिए गए। घटना 14 अक्तूबर की बताई जा रही है। चार दिन अपने स्तर पर जांच के बाद एटीएम मेंटेनेंस एजेंसी ने रविवार को पुलिस को शिकायत दी। पुलिस का अनुमान है कि एटीएम में पैसे डालने वाली एजेंसी में कार्यरत किसी कर्मचारी ने ही घटना को अंजाम दिया है। क्योंकि एटीएम को न तो तोड़ा गया है और न ही काटा गया है। उसे बड़ी आसानी से खोलकर पैसे निकाले गए हैं। यह काम कोई तकनीकी जानकार ही कर सकता है, जिसे एटीएम खोलने का कोड पता होता है। फिलहाल पुलिस अज्ञात के खिलाफ मामला दर्जकर जांच में जुटी है।

एटीएम मेंटेनेंस व नोट डालने वाली एजेंसी में कार्यरत धीरेंद्र यादव ने पुलिस को बताया कि सूर्या विहार सेक्टर-91 स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम में 14 अक्तूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे बजे 20 लाख रुपये डाले थे। वैन में चालक संजीत, गनमैन ओंकार और कस्टोडियन मनोज भाटी व सतपाल थे। शाम को उन्हें पता चला कि एटीएम में नोट खत्म हो गए हैं।
दिन में 20 लाख रुपए डालने और शाम तक खत्म हो जाने पर एजेंसी को शक हुआ। मौके पर जांच की तो पता चला कि एटीएम से 19.94 लाख रुपये निकाले गए हैं, जिनकी कहीं भी एंट्री नहीं है। रुपयों को एटीएम को खोलकर निकाला गया है। चोरी की पुष्टि के लिए एजेंसी ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इस दौरान पता चला कि 14 अक्तूबर को दोपहर 1.47 बजे किसी ने एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे कर दिया था। ऐसे में अनुमान है कि इसी दौरान किसी ने एटीएम खोलकर रुपये निकाले।
