बॉलीवुड ड्रग्स केस में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने सोमवार को एक्टर अर्जुन रामपाल के घर छापामारी की और तलाशी ली। इसके बाद उन्हें और गर्लफ्रेंड गैब्रिएला डिमिट्रियाडेस को पूछताछ के लिए तलब किया गया है। एनसीबी अधिकारियों के मुताबिक अर्जुन को इसके लिए समन जारी किये गये हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गिरफ़्तार किये गये एक व्यक्ति की टिप के आधार पर एनसीबी ने सोमवार को मुंबई के कई इलाक़ों में छापामारी की। इसी कड़ी में अर्जुन रामपाल के बांद्रा स्थित आवास पर एनसीबी की टीम सुबह सात बजे पहुंची 3 बजे तक तलाशी ली।एएनआई के अनुसार, एनसीबी अधिकारियों ने अर्जुन के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स को अपने कब्ज़े में ले लिया है और उन्हें इनवेस्टिगेशन में शामिल होने के लिए समन जारी किया है। अर्जुन की गर्लफ्रेंड और लिव-इन पार्टनर गैब्रिएला डिमिट्रियाडेस को भी ड्रग्स केस में 11 नवम्बर को नारकोटिक्स ब्यूरो के सक्षम पूछताछ के लिए प्रस्तुत होना है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अर्जुन के मोबाइल, लैपटॉप और टैबलेट समेत 11 आइटम सीज़ किये गये हैं। कुछ कागज़ात भी एनसीबी ने क़ब्ज़े में लिये हैं।

यहां बताते चलें कि अर्जुन रामपाल की गर्लफ्रेंड गैब्रिएला डिमिट्रियाडेस के भाई एजिसिलाओस डिमिट्रियाडेस ड्रग्स केस में पहले ही फंसे हुए हैं। उन्हें एनसीबी ने रविवार (8 नवम्बर) को फिर हिरासत में लिया था। इससे पहले अक्टूबर में एजिसलाओस को एनसीबी ने गिरफ़्तार किया था। एजिसिलाओस दक्षिण भारतीय नागरिक हैं। बाद में उन्हें एनडीपीएस की अदालत ने कुछ शर्तों पर ज़मानत दे दी थी थी।
बॉलीवुड को शिफ्ट नहीं होने देंगे- अनिल परब
इस बीच महाराष्ट्र सरकार में मंत्री अनिल परब का एक महत्वपूर्ण बयान सामने आया है। परब ने कहा कि यह कहानी ग़लत है कि पूरा बॉलीवुड ही ख़राब है, क्योंकि कुछ लोग ड्रग्स में शामिल हैं। जो लोग इससे जुड़े हैं, उनके ख़िलाफ़ एक्शन लेना चाहिए। परब ने ड्रग्स की आड़ में बॉलीवुड को शिफ्ट करने की साजिशों को भी रोकने की बात कही।
बॉलीवुड प्रोड्यूर की पत्नी गिरफ़्तार, समन
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो इस संबंध में कई पैडलर्स को गिरफ़्तार कर चुका है। चैट्स खंगालने पर कई सेलेब्रिटीज़ के नाम भी उछले, जिनसे एनसीबी ने पूछताछ की। इनमें दीपिका पादुकोण, रकुलप्रीत, सारा अली ख़ान और श्रद्धा कपूर भी शामिल हैं। दीपिका पादुकोण की पूर्व-मैनेजर करिश्मा प्रकाश भी एनसीबी के रडार पर हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। रविवार को एक अहम डेवलपमेंट के दौरान एनसीबी की टीम ने फ़िल्म प्रोड्यूसर फ़िरोज़ नाडियाडवाला के घर छापा मार कर नशीले पदार्थों (नारकोटिक्स) की कमर्शियल मात्रा जब्त की थी।
एएनआई ने एनसीबी के ज़ोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े के हवाले से बताया था कि फ़िरोज़ की पत्नी को गिरफ़्तार कर लिया गया है। फ़िरोज़ को मामले में पूछताछ के लिए समन भी जारी किया गया है।
सुशांत डेथ केस की ईडी जांच से निकला ड्रग एंगल
बॉलीवुड में ड्रग्स एंगल सुशांत सिंह राजपूत की संदिग्ध मौत की जांच के दौरान सामने आया था। सुशांत के खातों में आर्थिक गड़बड़ियों की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय के हाथ आयीं कुछ व्हाट्सऐप चैट्स के ज़रिए ड्रग्स एंगल सामने आया था, जिसके बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की एंट्री हुई।सुशांत सुसाइड केस की मुख्यारोपी रिया चक्रवर्ती को एनसीबी ने ड्रग्स केस में गिरफ़्तार किया था। क़रीब एक महीने जेल में रहने के बाद रिया को बॉम्बे हाई कोर्ट से ज़मानत मिलने के बाद रिहा कर दिया गया था। हालांकि, रिया के भाई शौविक चक्रवर्ती अभी भी जेल में हैं।
