सोनीपत। पिछले कुछ दिनों से किसान अपनी मांगों को लेकर सभी बॉर्डर पर कब्जा किये हुए हैं और इसी के चलते विरोध के नए नए तरीके भी ईजाद कर रहे हैं। दो दिन पहले एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमे किसान भैंस के आगे बीन बजा रहे थे। लेकिन अब सिंघु बॉर्डर पर हरियाणा के आंदोलनरत किसानों ने सरकार के समक्ष अपना विरोध जताने का अनोखा तरीका निकाला। किसानों ने उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के लापता की तलाश के जगह-जगह पोस्टर लगाए। यही नहीं किसानों ने अभिनेत्री कंगना राणावत के भी पोस्टर लगाकर अपना विरोध जताया।

किसानों ने कहा कि उप मुख्यमंत्री खुद को किसानों का हितैषी बताते हैं, लेकिन किसानों के खिलाफ बनने वाले कानूनों पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। यही नहीं पिछले ढाई महीने से कहां हैं, इस बारे में कोई अता-पता नहीं है। यही कारण है कि उनके लापता की तलाश के पोस्टर लगाए गए हैं। कल रात भारत बंद के दौरान सिंघु बॉर्डर पर लगाए गए पोस्टरों के बारे में किसानों ने कहा कि दुष्यंत चौटाला ने किसानों के हित में अनेक घोषणाएं की थी, लेकिन उप मुख्यमंत्री बनने के बाद वे सब कुछ भूल गए हैं। किसान दिल्ली बॉर्डर पर 13 दिनों से अपने हक के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन उनका कहीं अता-पता ही नहीं हैं। हालांकि किसान आंदोलन को अब देशभर से समर्थन मिल रहा है। सामाजिक संगठनों व राजनीतिक पार्टियों के साथ ही फिल्मी सितारे भी किसानों के समर्थन में खड़े हो चुके हैं और ट्वीट कर किसानों की मांगे माने जाने की सरकार से मांग की जा रही है। वहीं आंदोलनरत किसान नेताओं ने सरकार को दो टूक शब्दों में कहा है कि तीन कृषि कानून वापिस लेने के लिए सरकार हामी भरती है तो ठीक, वरना वे बॉड्रर पर ही डटे रहेंगे। इसके लिए चाहे कितने दिन, महीने या फिर साल ही क्यों न लग जाए। वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
