पानीपत : Farmers Protest: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में किसानों पर पुलिस कार्रवाई से खफा और भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के समर्थन में लोगों ने शुक्रवार सुबह जींद-चंडीगढ़ मार्ग पर जाम लगा दिया। वीरवार रात को भी इसी मार्ग पर कंडेला गांव के पास किसानों रोड जाम किया था। सुबह फिर से चुहड़पुर के पास रोड जाम कर किसानों ने विरोध जताया। वहीं दूसरी तरफ किसान नेता राकेश टिकैत की रोते हुए वीडियो वायरल होने के बाद जींद के करीब एक दर्जन गांवों के किसान रात को ही दिल्ली की तरफ कूच कर गए। किसानों के जाम लगाने की सूचना पर अलेवा थाना प्रभारी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए हैं और जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं।

शुक्रवार सुबह ही जिले भर में पंचायतों का दौर शुरू हो गया। राजपुरा-भैण, ईंटल कलां, काकड़ौद, घोघड़ियां, उचाना कलां में दाड़न खाप चबूतरे पर, शामलो, रामकली, पौंकरी खेड़ी, नरवाना, खटकड़ समेत कई गांवों में पंचायतें हुई। पंचायतों के बाद हर गांव से सैकड़ों की संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रालियों में राशन भरकर दिल्ली की तरफ रवाना हो गए।
किसानों ने आह्वान किया कि इस बार आंदोलन पहले से भी मजबूत किया जाएगा। कंडेला खाप के चबूतरे पर किसानों की बैठक चल रही है। कंडेला खाप के प्रधान टेकराम कंडेला ने कहा कि वह केंद्र सरकार से मांग करते हैं कि तीनों कृषि कानून रद किए जाएं, किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस हों, गिरफ्तार किसानों की रिहाई हो तथा एमएसपी पर कानून बनाकर लिखित में दिया जाए। धार्मिक झंडा फहराने का खाप पंचायतें निंदा करती हैं। किसानों का इससे कोई लेना-देना नहीं है। उस मामले की जांच करवाकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
