कुरुक्षेत्र : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में पिहोवा-कैथल मार्ग पर स्थित गांव गुमथलागढू की अनाज मंडी में भाकियू टिकैत ग्रुप की तरफ से आज तीसरी किसान महापंचायत होगी. हालांकि आयोजकों का दावा है कि संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर यह महापंचायत की जा रही है. इसके पहले रविवार को चरखी दादरी में किसान महापंचायत को संबोधित करते हुए टिकैत ने कहा था कि, केंद्र सरकार को विवादास्पद कृषि कानूनों को वापस लेना चाहिए. न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) प्रणाली को जारी रखने का विश्वास दिलाने के लिए एक नया कानून बनाना चाहिए और गिरफ्तार किए गए किसानों को रिहा कर देना चाहिए.

कुरुक्षेत्र में होने वाली महापंचायत में संयुक्त मोर्चा से किसान नेता राकेश टिकैत और बलबीर सिंह राजेवाल समेत कई नेता पहुंचेंगे. खापों को भी आयोजकों ने न्योता दिया है. बता दें कि कुरुक्षेत्र व आसपास के जिलों में भाकियू चढ़ूनी गुट ज्यादा सक्रिय है. गुमथला में सुबह 11 बजे महापंचायत शुरू होगी. वहीं महापंचायत पर पहुंचे किसानों का कहना है कि केंद्र सरकार किसानों की अग्नि परीक्षा ले रही है. उनकी मांगों को मानकर तीनों कृषि कानूनों को वापस लिया जाए. किसान कृषि कानूनों को किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने देंगे. उन्होंने कहा कि अब देश का किसान जागरूक हो गया है और अपना भला बुरा समझता है.
