हरियाणा पुलिस ने जनवरी माह गुमशुदा स्मार्टफोन की बरामदगी का अभियान चलाते हुए 228 ऐसे मोबाइल फोन बरामद किए है, जो चोरी हो गए थे या फिर लापरवाही से गुम हो गए थे। 16 लाख रुपये से अधिक कीमत के इन मोबाइल फोन को पुलिस ने तकनीकी आधार पर तलाश कर बरामद कर वास्तविक मालिकों को सौंपे। अपने गुम हुए मोबाइल फोन वापस पाकर लोग भी काफी खुश नजर आए। हरियाणा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) नवदीप सिंह विर्क ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि बीते साल 2020 में भी 1.61 करोड़ रुपये की कीमत के 2048 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके संबंधित मालिकों को सौंपे जा चुके हैं।
चोरी/गुम होने पर तुरंत पुलिस को करे सूचित
विर्क ने लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि इन इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के गुम या चोरी होने पर किसी भी प्रकार के दुरुपयोग से बचने के लिए ऐसे मामलों की रिपोर्ट तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन में अवश्य करें।
आईटी और साइबर सेल टीमें ऐेसी शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए आईएमईआई नंबर द्वारा मोबाइल में इस्तेमाल किए गए सिम की सहायता से लोकेशन को ट्रेस करती हैं। जनवरी 2021 में बरामद हैंडसेटस में महंगे मोबाइल फोन भी शामिल हैं। इनमें से अधिकांश फोन उपयोगकर्ताओं द्वारा गलती से गुम हो गए थे जबकि कुछ अन्य चोरी हो गए थे। तकनीक का इस्तेमाल करते हुए पुलिस निरंतर लापता फोन को ढूंढ रही है और आने वाले दिनों में और भी रिकवरी की भी उम्मीद है।हिसार जिले से सर्वाधिक 46 मोबाइल फोन बरामद कर असली मालिकों को लौटाए गए जबकि पंचकूला से 25, पलवल से 15 फोन बरामद हुए। इसी अवधि के दौरान जीआरपी द्वारा भी 25 हैंडसेट की रिकवरी की गई।निजी डेटा और अन्य जानकारी सेव होन के कारण अधिकांष लोगों के लिए मोबाइल फोन की अहमियत उसकी कीमत से कहीं अधिक होती है। हमारी टीमें तकनीक का इस्तेमाल करते हुए लापता/गुम/चोरी हुए फोन का पता लगाने के लिए इनके एक्टिवेट होने तक लगातार ट्रैक करती रहती हैं। हैंडसेट के एक्टिवेट होते ही पुलिस लोकेशन ट्रैक कर डिवाइस को रिकवर कर लेती है।
