भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट के बंद मकान के ताले तोड़ कर चोरों ने लाखों रुपये की ज्वैलरी, नकदी सहित लाइसेंसी रिवॉल्वर, एक डीवीआर भी चोरी कर ली। चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। फिंगर एक्सपर्ट टीम भी मौके पर बुलाई गई। पुलिस ने बारीकी से जांच करते हुए साक्ष्य जुटाने के प्रयास किए। पुलिस मामले में सीसीटीवी फुटेज भी जुटाने की कोशिश कर रही है। वहीं आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
मामले में डोगरान मोहल्ला निवासी भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट ने एचटीएम थाना पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस को दी शिकायत में सोनाली फोगाट ने बताया कि 9 फरवरी को वह अपने मकान में ताला लगाकर कर चंडीगढ़ गई थीं। 15 फरवरी को चंडीगढ़ से हिसार वापिस आईं तो मकान के ताले टूटे मिले। अंदर आकर चेक किया तो ऊपर अलमारी के अंदर से 10 लाख रुपये के करीब की ज्वेलरी, सोना व चांदी के बर्तन, घड़िया, एक रिवॉल्वर 22 बोर लाइसेंसी गायब मिले, जिसमें 8 गोलियां लोड थीं। फोगाट ने अपनी शिकायत में कहा है कि रिवॉल्वर के होलस्टर में डली गोलियां भी नहीं मिलीं। वहीं अन्य सामान भी चोरी गया है। साथ ही अज्ञात व्यक्ति मकान के अन्दर घुसकर एक डीवीआर भी चोरी करके ले गया। एचटीएम थाना पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। सोनाली फोगाट ने अपने घर में चोरी की वारदात पर पुलिस-प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। सोनाली फोगाट ने कहा कि जब नेताओं के घर सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता पुलिस से क्या उम्मीद करे। अभी हाल में कुछ दिन पहले मोहल्ले में चोरी हुई थी, वह मामला भी पुलिस ट्रेस नहीं कर पाई। पुलिस को चाहिए कि वह अपनी जिम्मेदारी समझे।
