डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और एक 1991 बैच के आईएएस अधिकारी के बीच विवाद सामने आ रहा है। चौटाला ने सीएम मनोहर लाल को दो पत्र भेजे हैं, जिनमें आईएएस अधिकारी के खिलाफ शिकायत की है। सूत्रों के अनुसार, अब इस मामले में सीएम ऑफिस की तरफ से ये पत्र चीफ सेक्रेटरी विजय वर्धन के पास भेज दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि फाइल पर किसी नोटिंग को लेकर यह विवाद हुआ है। बता दें कि दुष्यंत चौटाला के पास 10 से अधिक विभाग हैं। बताया जा रहा है कि जिस आईएएस अफसर के साथ विवाद हुआ है वह पहले दुष्यंत के दो विभागों में कार्यरत रह चुके हैं। विवाद की गंभीरता का अंदाजा इस बता से लगाया जा सकता है कि दुष्यंत द्वारा लिखे गए पत्रों में आईएएस अफसर को सस्पेंड करने की सिफारिश की गई है।गौरतलब है कि इससे पहले भी मंत्री इस तरह के पत्र अधिकारियों के खिलाफ सीएम को लिख चुके हैं। हालांकि, इस मामले में कोई भी खुलकर बात नहीं कर रहा है। अब जांच के बाद ही मालूम हो सकेगा कि अफसर के खिलाफ सरकार कोई कार्रवाई करती है या नहीं। अगर कार्रवाई होती है तो किस तरह की।
