पानीपत : पंजाब यूनिवर्सिटी से एमए इंग्लिश कर रहे पंचकूला के अभिषेक एक लाइन में लगे हुए थे। पांच सरकारी नौकरियों के लिए टेस्ट दे चुके हैं। पानीपत में पहुंचे अभिषेक से जब पूछा कि आप क्यों यहां लाइन में लगे हैं, तब उन्होंने कहा, कम से कम प्यून की ही नौकरी मिल जाए। स्वजनों पर आर्थिक बोझ तो नहीं रहेगा। बेरोजगारी का सफेद सच पानीपत में दिखा। कोर्ट में प्यून के 13 पदों पर नौकरी निकली तो आवेदनों का अंबार लग गया। 27 हजार 671 लोगों ने आवेदन कर रखा है।
पद के लिए योग्यता आठवीं पास हैं, लेकिन एमए, बीटेक, बीएसइ और होटल मैनेजमेंट का कोर्स किए युवक भी चपरासी की नौकरी की चाहत में जुटे रहे। शुक्रवार को बी से यू वर्णमाला के करीब तीन हजार आवेदकों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है। पहले इनके दस्तावेजों की जांच की जाती है। दस्तावेज में कमी पाए जाने वालों को साक्षात्कार नहीं लिया जाएगा। युवकों में धक्कामुक्की हुई और शोर-शराबा हो रहा है। कोर्ट कर्मचारी और पुलिस उन्हें बार-बार समझाते रहे। शाम तक साक्षात्कार चले।
सेशन जज डा. मनीषा बतरा ने वर्णमाला के अनुसार साक्षात्कार की तारीखों का रोस्टर भी जारी किया है। इंटरव्यू कमेटी सदस्यों के नाम भी तय कर दिए हैं। 23 फरवरी तक साक्षात्कार चलेंगे।
