कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव, यूथ कांग्रेस के प्रभारी और हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष जैसे अहम पदों पर रह चुके पूर्व सांसद अशोक तंवर ने अपना नया मोर्चा बना लिया है। गुरुवार को तंवर ने अपने नए मोर्चे ‘अपना भारत मोर्चा’ का ऐलान किया।
अशोक तंवर कभी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के खास लोगों में शुमार थे। हरियाणा विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी, लेकिन अब वो राज्य की सियासत में अपनी सियासी राह तलाशने में जुट गए हैं। बता दें कि हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष रहते हुए अशोक तंवर और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बीच हमेशा छत्तीस का आंकड़ा रहा है। इसकी शुरुआत 2014 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले तब शुरू हो गई थी, जब हुड्डा ने तंवर को उनकी पसंद के टिकट नहीं लेने दिए थे। फिर इसके बाद दोनों में आरोप-प्रत्यारोप तथा दिल्ली दरबार की राजनीति में एक दूसरे को पीछे धकेलने का लंबा खेल चला, जो तब तक जारी रहा, जब तक अशोक तंवर ने कांग्रेस को अलविदा नहीं कह दिया।
