रेवाड़ी के धारुहेड़ा इलाके से लापता देवर भाभी के शव अब हरिद्वार के पास जंगल में पेड़ से लटके हुए मिले हैं। दोनों का मामला प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार धारूहेड़ा की वाल्मीकि बस्ती में रहने वाली महिला सरिता के पति की कुछ साल पहले मौत हो गई थी। महिला के तीन बच्चे भी हैं। अब महिला 10 दिन पहले रिश्ते में देवर के साथ फरार हो गई थी। बताया जाता है कि पति की मौत के बाद सरिता का अपने देवर और दो बच्चों के पिता दिनेश के साथ प्रेम प्रसंग शुरू हो गया था। इसकी जानकारी जब परिजनों को मिली तो वे इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे।
सरिता और दिनेश का जब यह लगा कि वे एक साथ नहीं रह सकते तो वे 10 दिन पहले धारूहेड़ा से अचानक गायब हो गए। परिजनों ने उनके लापता होने की सूचना तक धारूहेड़ा पुलिस को नहीं दी। सोमवार को हरिद्वार पुलिस ने धारूहेड़ा पुलिस से संपर्क कर बताया कि धारूहेड़ा के सरिता और दिनेश ने टाइगर रिजर्व पार्क के निकट जंगल में पेड़ से लटककर फांसी लगा ली है और उनके शव बरामद हुए हैं। धारूहेड़ा सेक्टर-6 थाना पुलिस अधिकारी जगदीश प्रसाद ने बताया कि हरिद्वार पुलिस से सूचना मिलने के बाद उनके परिजन आज ही वहां रवाना हो गए हैं। उन्होंने बताया कि उनके लापता होने की सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी।
