
OP चौटाला बोले- अगली बार हमारी सरकार बनेगी, हरियाणाः जींद में INLD की रैली
पूर्व उपप्रधानमंत्री ताऊ देवीलाल की जयंती के अवसर पर तीसरे मोर्चे के गठन की कवायद की जा रही थी, लेकिन कई बड़े नेताओं के नहीं आने से यह योजना नाकाम हो गई. हालांकि इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला ने कहा कि यहां जब भी चुनाव होंगे तब इनेलो की ही सरकार बनेगी. इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की ओर से शनिवार को जींद में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की 108वीं जयंती मनाई गई. मंच पर अभय चौटाला के अलावा प्रकाश सिंह बादल, फारूक अब्दुल्ला और केसी त्यागी मौजूद रहे. मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के साथ भाजपा नेता और पूर्व सांसद बीरेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे. इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला ने कहा, ‘करीब 10 साल बाद मैं यहां आपके सामने हूं. यह कांग्रेस पार्टी की साजिश थी. मेरे साथ खड़े रहने के लिए मैं आप सभी का धन्यवाद करता हूं.’ उन्होंने कहा कि यह तय है कि आगे जब भी चुनाव होंगे इनेलो की सरकार बनेगी. आप सभी से अनुरोध है कि संगठन को और मजबूत करें.
रिहाई के बाद पहली रैली
सम्मान दिवस समारोह में शामिल हुए जनता दल यूनाइटेड के केसी त्यागी ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद रैली में शामिल होना चाहते थे. नीतीश कुमार ने ओम प्रकाश चौटाला को जब भी जरुरत होगी, हर संभव समर्थन का आश्वासन दिया है. समारोह में फारूक अब्दुल्ला ने कहा, राम सबके लिए हैं, हर धर्म के हैं, सिर्फ बीजेपी या आरएसएस के नहीं. जो लोग कहते हैं कि केवल राम ही हैं, वे देश को सांप्रदायिक बनाने की कोशिश कर रहे हैं.
News Source : aajtak
