उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के नागफनी थाने के हाजी नेब मस्जिद इलाके में बीती 15 अप्रैल को डॉक्टर व पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले और पथराव करने के आरोप में रविवार को दो और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
इस मामले में अब तक 20 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है. पुलिस अधिकारी के अनुसार, अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है. बेहद सतर्कता के साथ इन आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है, ताकि किसी को भनक ना लगे और फिर से कोई हिंसा न भड़क जाए.
वहीं, मुरादाबाद जिले की थाना नागफनी पुलिस नवाबपुरा की नेब मस्जिद इलाके में सीसीटीवी, ड्रोन कैमरा से नजर रख रही है. मुरादाबाद पुलिस ने रविवार को पहचान करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया.
एक आरोपी निसार को घोसियों की पुलिया के पास से गिफ्तार किया गया. वहीं, इस कांड से पहले से ही फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर अकबर उर्फ वकील को गिरफ्तारी से बचाने के मकसद से अपने घर में छिपाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में सलीम नाम के युवक को भी गिरफ्तार किया है.
आरोप है कि सलीम ने आरोपी को पनाह दी थी. उसके विरुद्ध भी मुकदमा दर्ज किया गया है. इस मामले में अब तक 20 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. बाकी अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी. पुलिस टीमें लगातार दबिशें दे रही हैं.
बता दें कि मुरादाबाद में स्वास्थ्यकर्मियों पर नवाबपुर इलाके के लोगों ने तब पथराव कर दिया था जब मेडिकल टीम वहां कोरोना संदिग्ध मरीजों को लेने गई थी. इस घटना से सीएम योगी काफी नाराज हुए थे और आरोपियों पर एनएसए के तहत कार्रवाई के आदेश भी दिए थे. इसके बाद पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार भी किया. इस हादसे में बुरी तरह घायल हुए डॉक्टर का मुरादाबाद के ही एक अस्पताल में इलाज चल रहा है.
