चंडीगढ़ : हरियाणा में 25 मार्च से जारी लॉकडाउन (Lockdown) के बावजूद शराब की अवैध बिक्री लगातार जारी है और आंकड़े बेहद हैरान करने वाले हैं. हरियाणा (Haryana) में प्रतिदिन औसतन करीब 5825 शराब (Alcohol) की बोतलें लॉकडाउन के दौरान पकड़ी जा रही हैं. इन मामलों को लेकर अब तक करीब 1200 FIR दर्ज की गई है और 1285 लोग गिरफ्तार किए गए हैं. जबकि 173 आरोपी फरार हैं और एक्साइज एक्ट के तहत इन सब लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.
प्रदेश में अब तक 84537 अंग्रेजी और 72727 देसी शराब की बोतलें पकड़ी जा चुकी है. 6321 बियर, 108 कच्ची शराब की बोतलें, 14830 किलो लहान और 14325 लीटर लहान (शराब बनाने का मेटेरियल) और कुल 49919.25 लीटर शराब पकड़ी जा चुकी है. इस पूरे मामले में सवाल ये है कि जब प्रदेश में शराब के ठेके बंद है और शराब का प्रोडक्शन भी फैक्ट्रियों में नहीं हो रहा तो इतनी भारी मात्रा में अवैध रूप से शराब कहां से आ रही है.
26 मार्च से हरियाणा में शराब के ठेके हैं बंद
बता दें कि हरियाणा में 26 मार्च रात 12 बजे से शराब बिक्री पर रोक लगा दी गई. सरकार ने ठेकों के खुलने पर विपक्ष और सोशल मीडिया में हो रही आलोचना के बाद सरकार ने आखिरकार यह निर्णय लिया था. बता दें कि बाकि प्रदेशों में 22 मार्च से ही शराब ठेकों को भी बंद कर दिया गया था, लेकिन हरियाणा में ठेके खुले रखे गए थे.
सोनीपत में सफारी गाड़ी से 48 पेटियां शराब बरामद
बता दें कि सोमवार को सोनीपत के गोहाना में एसआईटी पुलिस गुप्त सूचना के आधार पर बुटाना गांगना रोड से एक सफारी गाड़ी से एक युवक को 48 पेटियां देसी शराब के साथ पकड़ने में सफलता हासिल की है. पकड़ा गया युवक कुलदीप गांगना गांव का रहने वाला है और लॉकडाउन के दौरान अवैध तरिके से शराब को लाकर गोहाना में सप्लाई करने का काम करता था.
