
Aap Vs Congress: दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आप (AAP) के संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) को दिल्ली सरकार की शक्तियों को कम करने के लिए लाये जाने वाले अध्यादेश के विरोध में कांग्रेस के ‘विचार मंथन’ को सही ठहराते हुए केजरीवाल को बीजेपी की ‘बी’ टीम का हिस्सा बताया है. पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन (Ajay Maken) ने केंद्र के अध्यादेश के मुद्दे पर जारी तनातनी के बीच केजरीवाल पर हमला बोलते हुए कहा कि अब इस बात में कोई शक नहीं रह गया है कि भारतीय जनता पार्टी के साथ कौन मिला हुआ है. कुछ ऐसा ही बयान मध्य प्रदेश कांग्रेस से आया, जहां कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह (Jaivardhan Singh) ने आम आदमी पार्टी (AAP) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) की बी टीम करार दिया है.
AAP है BJP की B- टीम: Congress
विपक्षी एकता के दावे की निकली हवा?
जयवर्धन ने मीडिया से कहा, ‘विपक्षी एकता के लिए जरूरी है कि ‘आप’ पहले अपना रुख स्पष्ट करे.’ पटना में हुई विपक्षी दलों की बैठक के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा कांग्रेस से रुख स्पष्ट करने की बात के सवाल पर जयवर्धन ने कहा कि लगभग सभी विपक्षी पार्टी जो कल पटना में मौजूद थीं, वो संविधान पर भरोसा करती हैं. उन्होंने कहा कि सब यही प्रयास कर रहे हैं कि एक मंच पर रहकर सभी मिलकर अगले लोकसभा चुनाव में काम करेंगे.
कांग्रेस पार्टी के कद्दावर नेता और विधायक ने ये भी कहा, ‘अफसोस की बात है कि कल की बैठक में भी AAP के माध्यम से कुछ टिप्पणियां की गईं जो हमारी एकता के लिए शायद सही नहीं हैं. मेरा यही मानना है कि पहले आप यह बात स्पष्ट करे कि क्या वो पूर्ण रूप से कांग्रेस व विपक्ष के साथ रहेगी, क्योंकि आम आदमी पार्टी के कुछ काम से स्पष्ट दिखता है कि वो (AAP) बीजेपी (BJP) की बी टीम की तरह काम करती है.’ जयवर्धन ने कहा कि अगर आप कांग्रेस और अन्य दलों के प्रति प्रतिबद्ध है तो उसका स्वागत है.
आम आदमी पार्टी द्वारा मध्यप्रदेश के चुनावी अखाड़े में ताल ठोकने और लोकसभा चुनावों में सीट मांगने के सवाल पर उन्होंने कहा, ‘इस बात का सवाल ही नहीं उठता है. उनकी यहां पर ऐसी कोई जमीन नहीं है. न उनके पास यहां पर ऐसी कोई आधार है.’
कौन बीजेपी से मिला हुआ है: अजय माकन
इसी तरह दिल्ली कांग्रेस के बड़े नेता अजय माकन ने ट्वीट में लिखा, ‘आप, जिसके पास 542 लोकसभा सांसद में से बस 1 सांसद है. वह केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ कांग्रेस का समर्थन चाहती है. उसी आप के मुखिया केजरीवाल उसी कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ निंदनीय बातें कह रहे हैं? यही उनके समर्थन मांगने का तरीका है? केजरीवाल जेल जाने के डर से ये सब कर रहे हैं, लेकिन जब उन्होंने भ्रष्टाचार किया है तो सजा भी मिलेगी.’
NEWS SOURCE : zeenews
