
फरीदाबाद: जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिरों में श्रद्धालुओं की दोपहर से लेकर देर रात तक भीड़ रहेगी। इस वजह से मंदिरों के सामने से गुजर रहीं सड़कों पर ट्रैफिक की रफ्तार बाधित होगी। ऐसे में वाहन चालकों को सलाह दी जाती है कि शाम के वक्त मंदिरों के सामने वाली सड़कों से आवाजाही न कर वैकल्पिक सड़कों का प्रयोग करें। ताकि जाम का सामना न करना पड़े। मंदिरों पर पुलिस की तैनाती रहेगी। मंदिरों के आस-पास वाहनों की रफ्तार को धीमा करने के लिए पुलिस बेरिकेड भी लगाएगी।
जन्माष्टमी को लेकर शहर के छोटे-बड़े सभी मंदिरों को सजाने के साथ-साथ यहां राधा-कृष्ण की झांकियां भी बनाई जाती हैं। झूले, चाट-पकौड़े और खिलाने वाले भी मंदिरों के सामने आकर खड़े हो जाते हैं। वहीं मंदिर समितियां भी मंदिरों के सामने तख्त लगा देती हैं। इससे मंदिर के सामने वाली सड़क बंद हो जाती है। वहीं जहां सड़क बंद नहीं होती है तो वहां भी श्रद्धालुओं की भीड़ की वजह से आवाजाही में समस्या आने लगती है। शहर के अंदर एनआईटी-एक में माता वैष्णो देवी मंदिर, काली मंदिर, हनुमान मंदिर, एनआईटी-पांच में बांके बिहारी मंदिर, तत्कालेश्वर शिव मंदिर, रेलवे रोड पर श्रीगीता आश्रम, सैनिक कॉलोनी शिव मंदिर, सेक्टर-16 में लक्ष्मी नारायाण मंदिर, सेक्टर-37 में इस्कॉन मंदिर, सेक्टर-आठ में हनुमान मंदिर, नीलकंठ महादेव मंदिर, सेक्टर-सात में जनकल्याण मंदिर, सेक्टर-15 में गीता मंदिर, बल्लभगढ़ में गोपाल मंदिर और सियाराम मंदिर पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ होती है। इस वजह से उपरोक्त मंदिरों वाली सड़कों से गुजरने पर जाम का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में समझदारी इसी में है कि इन मंदिरों के सामने से जाने के बजाय इनके साथ वाली सड़कों से निकला जाए।
मंदिरों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए: पुलिस आयुक्त राकेश कुमार आर्य की ओर से सभी थाना एसएचओ को मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसके मद्देनजर मंदिरों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की ड्युटियां लगा दी गई हैं। यहां पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ-साथ महिला पुलिसकर्मियों की ड्युटियां भी लगाई गई हैं। कीमती सामान लेकर न जाएं श्रद्धालु: पुलिस की ओर से मंदिरों में जाने वाली श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि मंदिरों में भीड़भाड़ की वजह से आभूषण पहनकर जाने के साथ-साथ कीमती सामान ले जाने से भी बचें। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व जेबतराशी या फिर आभूषण लेकर चंपत हो जाते हैं।
NEWS SOURCE : livehindustan
