देश भर में फैली कोरोना महामारी का खतरा बढ़ता नजर आ रहा है। वहीं हरियाणा में भी कोरोना वायरस लगातार पैर पसार रहा है। इसी बीच के बीच पानीपत के लोगों के लिए एक और बुरी खबर है। पानीपत में कोरोना वायरस से पहली मौत की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी पुष्टि की है। मरने वाला संक्रमित युवक दिल्ली से पानीपत आया था। मरने से कुछ देर पहले उसने पड़ोस की महिला को भी काटा था।
पानीपत की दीनानाथ कॉलोनी में सोमवार रात को एक युवक की मौत हो गई थी। मरने से पहले उसने पड़ोस की महिला को दांत से काटा था। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि युवक चार की शाम को पानीपत में रहने वाली अपनी दादी से मिलने के लिए दिल्ली से आया था। स्वास्थ्य विभाग ने उसका सैंपल जांच के लिए भेजा और पूरी सर्तकता के साथ उसका अंतिम संस्कार कर दिया था बुधवार सुबह उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोरोना से पहली मौत की वजह से स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मच गया है।
दिल्ली के गांव नवादा का मूल निवासी 24 वर्षीय युवक की दादी पानीपत की दीनानाथ कॉलोनी में रहती है। युवक चार मई को देर सायं करीब आठ बजे दादी से मिलने पहुंचा था। रात्रि में ही वह पड़ोसी के घर में घुसा और एक महिला को दांत से काट लिया। चीखने पर महिला के बेटे उसे बचाया।
देर रात करीब दो बजे युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मृतक, उसकी दादी, घायल महिला और उसके बेटे को आइसोलेशन वार्ड में ले आया गया। युवक ने बुखार-खांसी की दवा भी ली थी। मंगलवार शाम करीब चार बजे पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (पीपीई) किट पहनकर टीम ने असंध रोड स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया। अब उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कोरोना वायरस की वजह से युवक की मौत हुई है।
