
बल्लभगढ़: आदर्श नगर के शहीद गुलाब सिंह सामुदायिक भवन में शनिवार रात डीजे बजाने को लेकर विवाद हो गया। गुस्साए बारातियों ने दुल्हन पक्ष के रिश्तेदारों के साथ मारपीट कर दी। इसमें दुल्हन की मां-भाई, मामा सहित आठ लोग घायल हो गए। बारातियों की इस हरकत से नाराज होकर दुल्हन ने दूल्हे के साथ सात फेरे लेने से मना करते हुए बारात को लौटा दिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। शादी की सभी रस्म तय समय पर पूरी हो रही थी। इस बीच वरमाला भी हो चुकी थी। वधु पक्ष के लोग बेहद खुश रहे और मेहमानों की खिदमत में लगे थे। अचानक ही विवाह समारोह में शोरशराबा होने लगा। डीजे बजाने को लेकर विवाद में खुशी के माहौल को खराब कर दिया। मारपीट से घायल दुल्हन पक्ष के लोग घायलों को अस्पताल लेकर जाने लगे।
जेवर के गांव दयानतपुर से आई थी बारात : शनिवार रात विजय नगर निवासी अतर सिंह की बेटी की बारात उत्तर प्रदेश के जेवर के गांव दयानतपुर से आई थी। सामुदायिक भवन में डीजे बज रहा था और बाराती नाचकर मौज मस्ती कर रहे थे। तभी रात के 10 बजे डीजे संचालक ने डीजे बंद कर दिया। बाराती इससे नाराज हो गए और हंगामा करने लगे। इसके बाद उन्होंने मारपीट शुरू कर दी।
चाचा के सिर में भी चोट आई
दुल्हन पक्ष के लोगों ने बारातियों को समझाया कि वह दूसरा डीजे लगवा रहे हैं, लेकिन दूल्हे के जीजा और उसके दोस्त शेकपुर हरियाणा निवासी शांत नहीं हुए। आरोप है कि उन्होंने उसके बाद दुल्हन पक्ष के लोगों के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। इस मारपीट में दुल्हन के चाचा विनोद के सिर में चोट लगी। इसके बाद लड़की के मामा गुरुसरन, मां लक्ष्मी, भाई बोबी व रिश्तेदार रोहित, सुनील तथा योगेश को इन हमलावरों ने मारपीट कर घायल कर दिया।
जान से मारने की धमकी
पीड़ित परिवार का आरोप है कि मारपीट करने वालों में मनवीर सिंह निवासी शेखपुर, राजेन्द्र, रविन्द्र, वेदप्रकाश, मुकेश निवासी बागपुर शामिल थे। हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। हमलावर मुकेश ने शिवम के सीने पर हथियार रख दिया। उसके पास चाकू भी था।
