
फरीदाबाद: सेक्टर-12 स्थित एल्डिको मॉल में चल रहे स्पा सेंटर संचालकों ने पुलिस छापे का डर दिखाकर जबरन वसूली करने आए एक युवक को काबू कर सिक्योरिटी गार्ड के हवाले कर दिया। इसके बाद आरोपी युवक सिक्योरिटी गार्ड का चकमा देकर फरार हो गया। सेंट्रल थाना पुलिस ने स्पा सेंटर संचालक की शिकायत पर शनिवार को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, पलवल के गुधराना निवासी भीकचंद सेक्टर-12 स्थित एल्डिको मॉल में पिछले आठ माह से स्पा सेंटर चला रहे हैं।
इस मॉल में सात स्पा सेंटर और चल रहे हैं। फरवरी माह में एक युवक सभी स्पा सेंटर संचालकों को पुलिस छापे का भय दिखाकर 500-500 रुपये वसूल कर ले गया था। इसके बाद शनिवार को यह युवक मार्च महीने की वसूली करने आ पहुंचा। पीड़ित स्पा सेंटर संचालक को वसूली करने आए युवक पर शक हुआ। उन्होंने सभी स्पा सेंटर संचालकों के साथ मिलकर उसे काबू कर मॉल के सिक्योरिटी गार्ड के हवाले किया। इससे पहले कि पुलिस आती आरोपी चकमा देकर फरार हो गया। पीड़ित स्पा सेंटर संचालक ने बताया कि आरोपी ने अपना नाम पाली गांव निवासी असलम उर्फ पप्पी बताया था।
NEWS SOURCE : livehindustan
