
हरियाणा में भाजपा जजपा गठबंधन टूटने के बाद अब जननायक जनता पार्टी भी लगातार बिखरती जा रही है। इसके चलते जहां प्रदेश अध्यक्ष निशान सिंह ने दूरी बना ली है वहीं कई विधायक भी अब पार्टी छोड़ने की तैयारी में हैं। दुष्यंत चौटाला की पार्टी से प्रदेश अध्यक्ष निशान सिंह के छोड़ने की चर्चाएं है वहीं दूसरी तरफ जुलाना से विधायक अमरजीत ढांडा और बरवाला से विधायक जोगीराम सिहाग के भी पार्टी को छोड़ने की चर्चाएं तेजी से वायरल हो रही है।
दरअसल लोकसभा चुनाव से पहले ही जजपा के विधायकों की नाराजगी देखने को मिल रही थी। नारनौंद से विधायक रामकुमार गौतम के सुर शुरु से ही बदले हुए नजर आने लगे थे। इसके बाद जजपा कोटे के मंत्री बने देवेंद्र बबली भी बदले बदले दिखाई देने लगे थे। अब लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा और जजपा का गठबंधन टूट गया है जिसके बाद से पांच विधायक लगातार दूरी बनाए हुए हैं। वहीं संगठन के भी कई नेता लगातार पार्टी को छोड़कर दूसरे दलों में शामिल होने लगे हैं।
इधर सोशल मीडिया पर चर्चाएं है कि चौटाला परिवार फिर से एक हो सकता है। इसके संकेत अजय सिंह चौटाला ने दिये हैं। उन्होंने चरखी दादरी में कहा कि अगर चौटाला साब बुलाते हैं तो वो एक हो जाएंगे। वहीं आज अभय सिंह चौटाला का भी एक वीडियो सोशल मीडिाय पर वायरल हो रहा है जिसमें वो अजय सिंह चौटाला परिवार से दूरी बनाए रखने का ही संकेत दे रहे हैं। सिरसा के ऐलनाबाद में अजय सिंह चौटाला के करीबी और गठबंधन के सूत्रधार रहे मीनू बैनीवाल भी 10 अप्रैल को भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इसके लिए उन्होंने हजारों की संख्या में पहुंचे वर्करों के साथ मीटिंग की है।
NEWS SOURCE : chopaltv
