
चंडीगढ़: हरियाणा में लोकसभा चुनाव के लिए दस सीटों पर 25 मई को वोट डाले जाएंगे. ऐसे में वोटिंग में दस दिन बचे हैं और ऐसे में यहां पर प्रचार जोर पकड़ रहा है. भाजपा अब जहां अपने कद्दावर नेताओं को प्रदेश में रैलियां करवाने की तैयारी कर रही है. वहीं, भाजपा और जेजेपी के लिए प्रचार के दौरान चुनौतियां भी आ रही हैं. जेजेपी और भाजपा प्रत्याशियों को लगातार लोगों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है.
जानकारी के अनुसार, भाजपा और जेजेपी नेताओं को पानीपत, सिरसा, सहित कई जगहों पर लोगों ने काले झंडे दिखाए हैं. अहम बात है कि करनाल से भाजपा उम्मीदवार मनोहर लाल खट्टर के अलावा हिसार से पार्टी के उम्मीदवार रणजीत सिंह चौटाला को कई बार विरोध का सामना करना पड़ा है. सिरसा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अशोक तंवर, अंबाला से बंतो कटारिया, सोनीपत से मोहन लाल बडोली, रोहतक से अरविंद शर्मा, भिवानी-महेंद्रगढ़ से धर्मबीर सिंह और कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल को भी कई बार अपने कार्यक्रमों को रद्द करना पड़ा है. भाजपा से सरकार में रही जेजेपी के नेताओं को भी विरोध हो रहा है. सोनीपत से भाजपा उम्मीदवार मोहन लाल बडोली को भी किसानों का विरोध का सामना करना पड़ा था.
मंगलवार को भी हुआ विरोध
कैथल के गुहला चीका में हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल का भी मंगलवार को किसानों ने विरोध किया. किसानों ने कार्यक्रम में जमकर नारेबाजी की और काले झंडे भी लहराए और बाद में किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने विरोध कर रहे किसानों को हिरासत में ले लिया. डीएसपी कुलदीप बेनीवाल ने बताया कि किसानों को डिटेन किया गया है. किसान रैली स्थल की तरफ बढ़ रहे थे जिन्हें रोका गया, लेकिन वो नहीं रुके और बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार गुहला मनजीत मलिक के आदेशों पर किसानों को डिटेन किया गया है.
कौन कर रहे विरोध
दरअसल, 13 फरवरी को किसान आंदोलन शुरू हुआ था. इस बार किसान हरियाणा और पंजाब के बॉर्डर पर बैठे थे. क्योंकि इन्हें दिल्ली जाने से हरियाणा पुलिस ने रोक दिया था. क्योंकि इस दौरान हरियाणा में भाजपा और जेजेपी की सरकार थी और अब पूर्व सीएम मनोहर लाल और जेजेपी के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला को विरोध का सामना करना पड़ रहा है. उधर, चुनाव आयोग ने भी किसानों से अपील की है कि वह चुनाव प्रचार में बाधा ना बनें. किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल के नेतृत्व में किसान नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग से मिला है.
NEWS SOURCE : news18
