हरियाणा के लोगों के लिए राहत की खबर है। अब हरियाणा से लोग दूसरे राज्यों में ही रोडवेज का सफर कर सकेंगे। 4 जून से रोडवेज की बसें पड़ोसी राज्यों में भी जाएंगी। रोडवेज विभाग ने इसके लिए लिस्ट जारी कर दी है। हरियाणा से पड़ोसी राज्यों में 157 बसें जाएंगी। वहीं एक जिले से दूसरे जिले में 212 बसें और लोकल रुटों पर 223 बसें चलाई जाएगी।
लोकल रूटों को छोड़कर बाकी सभी रूटों के लिए टिकट बुकिंग ऑनलाइन ही होगी। दूसरे राज्यों के लिए बुकिंग 3 जून से शुरू हो रही है। परिवहन विभाग के निदेशक वीरेंद्र दहिया ने बताया कि गुड़गांव से चंडीगढ़ तक दो वॉल्वों बसें भी चलेंगी।
इसी तरह चंडीगढ़ से गुड़गांव भी दोनों बसें चलाई जाएंगी। इसके बाद यात्रियों की संख्या को देखते हुए वॉल्वो का परिचालन बढ़ाया जाएगा। रोडवेज के बेड़े में करीब 4100 बसें हैं और फिलहाल करीब 15 फीसदी बसों को ही चलाया जा रहा है। अब तक प्रदेश से करीब 200 बसों का संचालन हो रहा था। इनमें कुछ मिनी बसों को भी चलाया जा रहा था।

