सोनीपत जेल में बंद हरियाणा का कुख्यात गैंगस्टर राजू बसौदी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। राजू बसौदी को सोनीपत से फरीदाबाद जेल में ट्रांसफर करने की प्रक्रिया चल रही थी और तीन जून को राजू बसौदी का कोरोना टेस्ट किया गया था। अब उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। फरीदाबाद जेल प्रशासन को इसकी रिपोर्ट दी गई है।
आपको बता दें कि बीते तीन चार दिन पहले सोनीपत जेल में राजू बसौदी और मोनू लल्हेड़ी आपस में भिड़ गए थे। इस दौरान दोनों तरफ से गुर्गों में खूब लड़ाई हुई थी। इसी घटना के बाद जेल प्रशासन ने दोनों को अलग-अलग करने के लिए राजू बसौदी को सोनीपत से फरीदाबाद जेल ट्रांसफर किया था।
राजू बसौदी को फरवरी के महीने में गिरफ्तार किया गया था। राजू बसौदी थाईलैंड से भारत लौटा था, उसी वक्त दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया था। रिमांड के दौरान बसौदी ने बालू, खनन, शराब ठेकेदार, सट्टेबाजों समेत कई लोगों से महीना वसूलने की बात कही थी। वहीं शराब तस्कर भूपेंद्र सें भी पांच करोड़ की रंगदारी मांगी थी।
जेल उपाधीक्षक रामचंदर सिंह ने बताया कि राजू बसौदी के कोरोना संक्रमित होने की सूचना फरीदाबाद जेल प्रशासन को दे दी गई है। उसको लेकर जाने वाले जेल कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों को क्वारंटाइन कर दिया गया है। उनके सैंपल भी लिए जाएंगे।
