
फरीदाबाद: दो दिन पहले फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण की बैठक में सीएम नायब सैनी ने दो अधिकारियों पर काम में लापरवाही बरतने को लेकर कार्रवाई की थी। अब नगर निगम के ऐसे ही लापरवाह कार्यकारी अभियंता की शिकायत मेयर ने सरकार को भेजी है। मेयर प्रवीण जोशी ने अपने पत्र में कहा कि बड़खल जोन में 34 से अधिक काम है। जिनको तय तिथि के बाद भी शुरू नहीं किया गया। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा रहा हैं। तय समय पर काम नहीं शुरू होने को लेकर कार्यकारी अभियंता से जवाब मांगा गया था। लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। मामले की जांच चीफ इंजीनियर विवेक गिल को दी गई है।
जांच में कार्यकारी अभियंता दोषी पाए जाते हैं तो उन पर सरकार की ओर से कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के अनुसार आपसी गुटबाजी की वजह से वर्क आर्डर जारी होने के बाद भी काम शुरू नहीं हो पाए हैं। मेयर के अनुसार बड़खल विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग वार्ड में काम शुरू होने कराए जाने थे। जिसमें वार्ड-15 में विहार पार्क का नवीनीकरण, वार्ड-16 के इंटरलाकिंग टाइल्स लगाने का काम, नालियां निर्माण करने समेत 34 काम शामिल थे। लेकिन कार्यकारी अभियंता की ओर से वर्क आर्डर जारी होने के बाद एक काम भी शुरू नहीं किया गया। जबकि मेयर आफिस से संबंधित पार्षदों के कहने पर बार बार कार्यकारी अभियंता को विकास कार्य शुरू करने के लिए पत्र भी लिया गया।
गुटबाजी की वजह से विकास कार्य प्रभावित
भाजपा की आपसी गुटबाजी की वजह से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जिन कामों को कार्यकारी अभियंता द्वारा शुरू नहीं किया गया है। उनमें से अधिकतर काम पार्षद मनोज नासवा के वार्ड-16 में होने हैं। बड़खल विधानसभा क्षेत्र के विधायक धनेश अदलखा केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के समर्थक है। जबकि वार्ड-16 के पार्षद मनोज नासवा मेयर और कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के खेमे से आते हैं। ऐसे में नगर निगम अधिकारी भी पूरी तरह से असमंजस में रहते हैं। इससे पहले भाजपा की आपसी गुटबाजी के कारण सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव नहीं हो पाया है। इसके साथ ही अभी तक फाइनेंस कमेटी का गठन नहीं हो पाया है।
मेरे वार्ड में पांच करोड़ के काम शुरू नहीं हुए है। अधिकारी किस वजह से वर्क आर्डर जारी होने के बाद भी काम शुरू नहीं कर रहे हैं। इस मामले की जांच को लेकर मेयर और सरकार को पत्र लिखा गया है।
मनोज नासवा, पार्षद, वार्ड-16
वर्क ऑर्डर होने के बाद भी काम क्यों नहीं शुरू हो पाए। इसको लेकर कार्यकारी अभियंता से जवाब मांगा गया था। लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसलिए सरकार को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा गया है।
प्रवीण बतरा जोशी, मेयर, नगर निगम
NEWS SOURCE Credit :jagran
