
फरीदाबाद: फरीदाबाद में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने गुरुवार की रात को वांछित आरोपी संदीप उर्फ चेंटा वासी गांव मच्छगर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस से खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग की, इसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। वहीं, पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है।
यह मुठभेड़ थाना छांयसा के अंतर्गत चांदपुर से अटाली रोड पर गांव फज्जूपुर क्षेत्र में हुई। पकड़ा गया बदमाश सेक्टर-12 कोर्ट मोड स्थित चंदिला फूड होटल पर कर्मचारी के ऊपर पिस्टल तानकर हत्या के प्रयास के मामले में वांछित था। मौके से एक मोटरसाइकिल, एक पिस्टल बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, अपराधी का पूर्व रिकॉर्ड, लूट, डकैती हत्या के प्रयास जैसे संगीन अपराध में संलिप्त रहा है।
NEWS SOURCE Credit :jagran
