
फरीदाबाद: नेहरू कॉलोनी में नगर निगम ने बुधवार सुबह आठ बजे तोड़फोड़ शुरू कर दी। तोड़फोड़ करने से पहले निगम और पुलिस प्रशासन की ओर से बैरिकेडिंग लगाकर सभी रास्तों को बंद कर दिया गया। दोपहर दो बजे तक रास्ते बंद रहेंगे।गुरुग्राम रोड के किनारे करीब 20 से 25 मकान बने हुए हैं। जिसको निगम द्वारा तोड़ा जाएगा। इनमें से अधिकतर लोग अपना मकान पहले ही खाली करके चले गए है। निगम की ओर से लोगों को मस्जिद तोड़ने के बाद से ही नोटिस जारी कर दिया गया था।
इस रोड पर सुबह-शाम लगता था जाम
इन मकानों को तोड़ने के बाद एफएमडीए की ओर से सड़क चौड़ीकरण का काम किया जाएगा। एनआइटी तीन चौक से सैनिक कॉलोनी होते हुए गुरुग्राम जाने वाले इस रोड पर सुबह और शाम के समय काफी जाम लगता है। सड़क संकरी होने के कारण बड़े वाहन फंस जाते हैं।नगर निगम संयुक्त आयुक्त अनिल यादव ने बताया कि दोपहर तक तोड़फोड़ की कार्रवाई की जाएगी। गुरुग्राम जाने वाले लोगों को दूसरा रूट लेने के लिए कहा गया है। इससे पहले मंगलवार को संयुक्त आयुक्त ने अपनी टीम के साथ निरीक्षण करके लोगों से मकान खाली करने की अपील की थी।
NEWS SOURCE Credit :punjabkesari
