करनाल : करनाल में कोरोना के मरीजों की संख्या में लगातार बढोत्तरी हो रही है। अब करनाल में सोमवार को छह नये केस आए हैं, जिसमें चार माह की बच्ची भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी को कोविड अस्पताल में भर्ती किया है वहीं परिजनों को भी सैंपल लिये जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को सदर बाजार, हांसी रोड, भोला खालसा गांव, दरड़ गांव, सेक्टर 36 से एक-एक केस मिले हैं। पॉजिटिव केसों को नीलोखेड़ी गुरुकुल भेजा गया है। वहीं मुलाना मेडिकल कॉलेज से छह मरीज ठीक होकर घर भी पहुंचे हैं।
वकीलपुरा सदर बाजार करनाल की 4 माह की बच्ची कोरोना पॉजिटिव मिली है। परिवार के सदस्य दिल्ली गए थे। करनाल आने पर परिवार के सदस्यों ने कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में टेस्ट करवाया। बच्ची की मां का टेस्ट निगेटिव आया है, लेकिन बच्ची कोरोना पॉजिटिव आई है। गुरुकुल नीलोखेड़ी में दाखिल कराया गया है।
डीसी निशांत कुमार यादव ने सिविल सर्जन की रिपोर्ट के अनुसार बताया कि जिले में अब तक कोरोना के संदिग्ध कुल 12519 लोगों के सैंपल लिए गए। जबकि इनमें से 12153 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 149 मामले पॉजिटिव हैं, जिनमें से 2 की मौत हो चुकी है। 89 एक्टिव हैं और 58 मरीज ठीक होकर अपने घर चले गए हैं। मंगलवार को 201 लोगों की जांच रिपोर्ट आएगी।
