
करनाल : करनाल में रिश्वतखोरी के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो ने शिकंजा कस दिया है। लघु सचिवालय स्थित तहसील कार्यालय के बाहर ACB की टीम ने नगर निगम में कार्यरत कर्मचारी राम सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कर्मचारी ने शिकायतकर्ता से दुकान की सेल डीड ट्रांसफर करवाने के बदले रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने जाल बिछाया और कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। दुकान की रजिस्ट्री से जुड़े काम के बदले मांगी रकम मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता अपनी दुकान की सेल डीड ट्रांसफर करवाना चाहता था। आरोप है कि इस काम को करवाने की एवज में नगर निगम कर्मचारी राम सिंह ने उससे 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क किया, जिसके बाद विभाग ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई की योजना बनाई।
तहसील कार्यालय के बाहर ACB का जाल, आरोपी गिरफ्तार शिकायत मिलने के बाद ACB करनाल की टीम ने कार्रवाई करते हुए लघु सचिवालय स्थित तहसील कार्यालय के बाहर जाल बिछाया। इसी दौरान नगर निगम कर्मचारी राम सिंह को कथित तौर पर 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। जांच के दायरे में दूसरे अधिकारी और कर्मचारी भी ACB करनाल के प्रभारी इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि आरोपी नगर निगम करनाल में कार्यरत है और शिकायतकर्ता से दुकान की सेल डीड ट्रांसफर करवाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। उन्होंने कहा कि मामले में यह भी जांच की जाएगी कि कहीं इस प्रकरण में अन्य अधिकारी या कर्मचारी शामिल तो नहीं हैं। आरोपी से पूछताछ के बाद जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी सरकारी कामकाज में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और रिश्वतखोरी पर अंकुश लगाने के लिए ACB की यह कार्रवाई अहम मानी जा रही है।
NEWS SOURCE Credit :punjabkesari
