फतेहाबाद ट्रैफिक पुलिस ने करनाल असंध तहसीलदार की गाड़ी का चालान काट दिया। दरअसल सरकार ने वीआईपी कल्चर खत्म करने के लिए गाड़ियों से लाल व नीली बतियां हटवा दी है, लेकिन अधिकारियों से बत्ती नहीं छूट रहा है। शनिवार को नीली बत्ती लगाकर असंध की तहसीलदार फतेहाबाद पटवार भवन में पहुंची, जहां उनकी गाड़ी का ट्रैफिक पुलिस ने चालान काट दिया।
ट्रैफिक पुलिस ने तहसीलदार से गाड़ी पर लगी नीली बत्ती की अनुमति मांगी थी लेकिन वह नहीं दिखा पाई। ट्रैफिक पुलिस नीली बत्ती हटवाते हुए पोस्टल चालान काट दिया।
मामले के मुताबिक असंध की तहसीलदार नवजीत कौर किसी काम से सरकारी गाड़ी लेकर फतेहाबाद के पटवार भवन पहुंची थी। नवजीत कौर इससे पहले फतेहाबाद में तहसीलदार रह चुकी हैं। गाड़ी पर नीली बत्ती लगे होने की सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची।
ट्रैफिक पुलिस के एएसआई हेतराम ने गाड़ी पर नीली बत्ती लगाने की अनुमति पत्र दिखाने के लिए कहा, लेकिन गाड़ी का ड्राइवर दस्तावेज नहीं दिखा पाया। इस पर तहसीलदार ने दस्तावेज घर पर होने की बात कही। नीली बत्ती लगे होने और दस्तावेज न दिखा पाने पर ट्रैफिक पुलिस ने पोस्टल चालान काट दिया।
ट्रैफिक थाना एएसआई हेतराम ने बताया कि तहसीलदार की गाड़ी पर नीली बत्ती लगी हुई थी। अनुमति बारे पूछने पर बताया गया कि उनकी ड्यूटी कोविड में लगी हुई है और इसकी अनुमति भी है। लेकिन तहसीलदार अनुमति नहीं दिखा पाई। फिलहाल चालान काट दिया गया है।
