फतेहाबाद : फतेहाबाद के रतिया इलाके से भाजपा नेता बदलेव ग्रोहा के बेटे व पंजाब पुलिस में हैड कांस्टेबल की सड़क हादसे में मौत हो गई है। हादसा गांव चंदोकला के पास हुआ था। बताया जा रहा है कि बेसहारा पशु के कार के आगे आने से यह हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार रतिया निवासी 30 वर्षीय प्रहलाद सिंह पंजाब पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। उनके पिता रतिया से भाजपा के वरिष्ठ नेता भी है। बताया जा रहा है कि प्रहलाद सिंह दो दिनों से रतिया आया हुआ था। उसका नानका रतिया क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर सौत्र में है। सोमवार शाम 5 बजे वह अपनी गाड़ी लेकर गांव मोहम्मदपुर सौत्र पहुंच गया। वहां पर रिश्तेदारों से मिलकर देर रात 10 बजे गांव से चल पड़ा। प्रहलाद सिंह अकेला ही गया था।
जब उसकी गाड़ी गांव चंदोकलां के पास पहुंची तो सामने एक बेसहारा पशु आ गया। गाड़ी की स्पीड अधिक होने के कारण गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और खेतों में जाकर गाड़ी पलट गई। रात का समय होने व गांव दूर होने के कारण करीब आधे घंटे तक किसी ने संभाला तक नहीं। बाद में आसपास के लोग आए तो उन्होंने पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घायल को गाड़ी से बाहर निकाला और उसे रतिया के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। अस्पताल में पहुंचने के बाद डाक्टरों ने उसकी जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन देर रात को ही अस्पताल पहुंच गए। वहीं आसपास के लोग पहुंच गए। मृतक शादीशुदा था। घर में मातम पसर गया है।

