हरियाणा – हरियाणा में अपराध के मामाले थमने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। अब गुरुग्राम में सेक्टर-66 स्थित एक इंटीरियर डिजाइन कंपनी में सीनियर सेल्स मैनेजर 28 वर्षीय रिदा मसरूर चौधरी की उनके कमरे में ही शनिवार रात हत्या कर दी गई। पंखे में साड़ी का फंदा बंधा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटकाने का प्रयास किया गया था। शरीर के ऊपर कई जगह चोट के निशान थे। यही नहीं कमरे का दरवाजा भी खुला था।
वहीं, परिजनों की शिकायत पर जान गंवाने वाली रिदा मसरूर चौधरी के ब्यॉयफ्रेंड हबीब उर्फ विवान के खिलाफ डीएलएफ फेज-तीन थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। रविवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। हत्या से इलाके में सनसनी मच गई।
सहायक पुलिस आयुक्त (क्राइम) प्रीतपाल ने कहा कि स्वजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर आरेापित की तलाश शुरू कर दी गई है। उसकी गिरफ्तारी से ही पूरी सच्चाई सामने आएगी। वैसे पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक फांसी लगाने से मौत होने की बात सामने आई है। अब शव फर्श पर कैसे पड़ा था, इसका जवाब आरोपित की गिरफ्तारी से ही सामने आएगा। इसके अलावा भी कई एंगल से जांच की जा रही है।
