रोहतक : रोहतक में गुरुवार को दो लोगों की हत्या कर दी गई। पहली घटना में दूध वाले को अज्ञात बदमाशों ने 14 गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक दूध वाला जयभगवान का शव जींद रोड चांदी गांव के पास नहर पुल पर पड़ा मिला। पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ कि उसे 14 गोलियां मारी गई थी।
दूध वाले की हत्या मामले में लाखनमाजरा थाना पुलिस को दी शिकायत में मृतक के भाई खरैंटी के राकेश ने बताया कि उसका भाई जयभगवान 10 साल से दूध बेचता था। गुरुवार सुबह वो बाइक पर दूध लेकर रोहतक के लिए निकला था।
उसके भाई की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। वहीं पुलिस जांच में कुछ ग्रामीणों ने ये बात भी बताई है कि गांव से निकलते समय बाइक पर जयभगवान किसी से फोन पर ऊंची आवाज में बातें करता हुआ जा रहा था। वहीं किसी राहगीर से वारदात की सूचना मिलने के बाद महम डीएसपी शमशेर सिंह दहिया, थाना लाखनमाजरा प्रभारी राजेंद्र बूरा और एफएसएल प्रभारी डॉ. सरोज दहिया मलिक की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
दूसरी ओर रोहतक शहर की श्रीरामनगर कॉलोनी के 22 वर्षीय अंकित की हत्या हुई है। पुलिस को शक है कि उसकी म्यूजिक सिस्टम में काम आने वाली एयूएक्स केबल से गला घोंटकर हत्या की गई है। अंकित का शव मोरखेड़ी गांव के ज्वार के खेत में पड़ा मिला।
वहीं, अंकित के पिता हरेंद्र ने 5 युवकों पर उसकी हत्या का आरोप लगाया है। अंकित बुधवार को इनमें से दो आरोपियों को अपनी पड़ोसी की बाइक लेकर कहीं छोड़ने गया था। मामले में आईएमटी थाना पुलिस ने रूड़की के दीप, परमजीत, अंकित, मुकेश और झज्जर के नवदीप पर केस दर्ज किया है। परिजनों के अनुसार रंजिश के तहत रूड़की के युवकों ने अंकित की हत्या की है। पुलिस रंजिश की वजह नहीं जान पाई है।
