यमुनानगर : ओएलएक्स पर बहुत से ऐसे ठग हैं जो सस्ते प्रोडेक्ट बेचने या महंगे दाम में सामान खरीदने का झांसा देकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ताजा मामला यमुनानगर का है जहा एक व्यक्ति से ठगी हो गई। गांधी नगर थाना क्षेत्र की शिवदयालपुरी कालोनी के अध्यापक उमेश प्रताप शर्मा के साथ ऑनलाइन ठगी हो गई। ओएलएक्स पर फ्रिज खरीदने के बहाने अध्यापक को सायबर ठगों ने जाल में फंसाया। इसके बाद पेटीएम में रुपये भेजने की बात कहकर क्यूआर कोड भेजा। कोड स्कैन करते ही उनके खाते से 58743 रुपये निकाल लिए। मामले की पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज कराया गया है।
शिवदयाल पुरी कालोनी निवासी उमेश प्रताप शर्मा ने बताया कि जुलाई में उसे फ्रिज बेचना था। उसने फ्रिज की फोटो ओएलएक्स पर डाल दी। 10 जुलाई को उसके पास पुणे से एक व्यक्ति का फोन आया। आरोपित ने बताया कि वह आर्मी हेड क्वार्टर से बोल रहा है। उसे उनका फ्रिज खरीदना है। वह उनके अकाउंट में पेटीएम से पेमेंट कर देंगे। इसी दौरान आरोपित ने कहा कि मोबाइल पर क्यूआर कोड आया है। उसे यह कोड दूसरे फोन से चार बार स्कैन करना होगा।
जिसके बाद उसके अकाउंट में पैसे ट्रांसफर हो जाएंगे। उमेश ने बताया कि जब उसने क्यूआर कोड को दूसरे फोन से तीन बार स्कैन किया। इसके बाद उसके मोबाइल पर खाते से 58,743 रुपये निकलने का मैसेज आया। मैसेज आते ही उसने आरोपित के फोन पर संपर्क किया। लेकिन आरोपित को फोन नहीं मिला। अब उसका फोन बंद आ रहा है।
बता दें कि कुछ लोग खुद को आर्मी मैन बताकर भी ओएलएक्स पर फ्रॉड कर रहे हैं। इसके अलावा बहुत से ऐसे लोग हैं जो सामान बेचने या खरीदने के बहाने ऑनलाइन पेमेंट करने की बात कह लोगों के खाते खाली कर रहे हैं। ऐसे में बेहद सावधानी बरते जाने की आवश्यकता है। आप भी इस तरह के किसी व्यक्ति के झांसे में न आएं।
