बहादुरगढ़ : हरियाणा रोडवेज ने अब चंडीगढ़ और सिरसा के लिए भी बस सेवाएं शुरू कर दी हैं। अब तक इन दोनों रूटों पर बसें नहीं जा रही थीं। शुक्रवार को दोनों रूटों पर दो-दो बसें भेजी गई। यात्रियों की संख्या पर्याप्त रहती है तो बसों के ट्रिप बढ़ाए जाएंगे। इससे यात्रियों को भी राहत मिली है।

दरअसल, अब रोडवेज बसों की परिचालन व्यवस्था को धीरे-धीरे पटरी पर लाया जा रहा है। विगत में बसों के अंदर फुल सीटिग की अनुमति दी गई। अब यात्री बढ़ने लगे हैं। इस बीच चंडीगढ़ के लिए बसें चलाने की अनुमति भी मिल गई है। बीच में अंबाला तक एक-दो बार बसें भेजी गई, मगर यात्री नहीं मिले तो इन बसों को बंद करना पड़ा। अब जो एक बस पानीपत तक चलाई जा रही थी, उसे चंडीगढ़ तक बढ़ाया गया। इसके अलावा एक बस और चंडीगढ़ के लिए बहादुरगढ़ से भेजी गई। दोनों बसें शुक्रवार को सुबह पांच और साढ़े पांच बजे रवाना की गई। दोपहर के समय एक बस पानीपत तक भेजी गई। इसके अलावा हिसार तक चल रही दो बसों का रूट सिरसा तक बढ़ा दिया गया है। अब तक सिरसा रूट पर भी बस नहीं चल रही थी। यात्रियों को मिली राहत
लंबे रूटों पर बस सेवा बहाल होने से यात्रियों को राहत मिली है। अब बसों में यात्रियों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि काफी दिनों तक तो बसों का परिचालन नुकसान उठाकर ही किया गया। अब कुछ यात्री बढ़ने लगे हैं। स्थिति पूरी तरह सामान्य होने में तो वक्त लगेगा। दिल्ली के अंदर बसों के परिचालन की अभी अनुमति नहीं मिली है। इसके लिए शीर्ष स्तर पर बातचीत की जा रही है।
लंबे रूटों पर बस सेवाएं सुचारु की जा रही हैं। इसी कड़ी में चंडीगढ़ और सिरसा के लिए दो बसें भेजी गई। जरूरत के अनुसार ही सभी रूटों पर बसों के ट्रिप बढ़ाए जाएंगे।
धर्मबीर राठी, एसएस, रोडवेज सब डिपो।
