अभिनेत्री कंगना रणौत ने इन दिनों बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री और सितारों को निशाने पर ले रखा है। बॉलीवुड के ऐसे कई सितारे हैं जिनकी कंगना रणौत अक्सर आलोचना करती हुई नजर आती हैं। इनमें से एक अभिनेत्री दीपिका पादुकोण भी हैं। कंगना रणौत अक्सर दीपिका पादुकोण की आलोचना और उन पर कटाक्ष करती रहती हैं। इस बार ड्रग्स को लेकर उन्होंने दीपिका पर निशाना साधा है।

सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में ड्रग्स का एंगल आने के बाद से कंगना रणौत लगातार ट्विटर के जरिए इस मुद्दे को उठा रही हैं। साथ ही ड्रग्स का सेवन करने को लेकर कई सितारों पर निशाना भी साध चुकी हैं। अब कंगना रणौत ने ट्विटर पर दीपिका पादुकोण को हाई सोसाइटी की अमीर स्टार किड बताते हुए उन पर ड्रग्स लेने का आरोप लगाया है। कंगना रणौत ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘मेरे बाद दोहराएं, डिप्रेशन नशीली दवाओं के दुरुपयोग का एक नतीजा है। तथाकथित हाई सोसाइटी के अमीर स्टार किड, जो आला दर्जे और अच्छी परवरिश होने का दावा करते हैं, अपने मैनेजर से पूछते हैं, माल है क्या?’ इसके साथ कंगना ने अपने ट्वीट में लिखा, #boycottBollywoodDruggies #DeepikaPadukone
सोशल मीडिया पर कंगना रणौत का यह ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है। गौरतलब है कि कंगना रणौत ने दीपिका पादुकोण पर यह आरोप उस समय लगाया है कि जब एनसीबी को रिया चक्रवर्ती की व्हाट्सएप चैट से 5 टॉप अभिनेत्रियों के नाम का पता चला है। हालांकि इसमें नाम एक ही अक्षर में लिखे गए हैं जिससे किसी के नाम का खुलासा तो नहीं हो पाया लेकिन अंदाजा जरूर लगाया जा सकता है। रिपोर्ट्स की मानें तो रिया चक्रवर्ती की N,J,S,D,K से ड्रग्स के लेन-देन को लेकर बात हुई है। N, D और K के बारे में कहा जा रहा है कि यह बॉलीवुड की टॉप अभिनेत्रियां हैं। खबरों के मुताबिक कि एनसीबी जल्द ही ड्रग्स के इस्तेमाल के मामले में सारा अली खान और श्रद्धा कपूर को पूछताछ के लिए समन भेज सकती है।
