पानीपत : कृषि विधेयक पर उग्र कांग्रेस ने अब पानीपत से ट्रैक्टर रैली निकाली है। यह रैली पानीपत से दिल्ली तक जा रही है। प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष सचिन कुंडू के साथ युवा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कुंडू ने कहा कि कृषि विधेयकों से किसानों के लिए स्थापित मंडी व्यवस्था खत्म होगी। व्यापारियों की मनमानी बढ़ेगी। किसान को उचित मूल्य मिलना आसान नहीं होगा। इनके लागू होने से कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग को बढ़ावा मिलेगा। कंपनियां किसानों की जमीनों पर आधिकारिक तौर पर खेती करेंगी। किसान को मज़दूर के रूप में कार्य करना पड़ेगा।
छावनी में बदला समालखा
कृषि विधेयक को लेकर सरकार पर विपक्ष लगातार हमलावर है। ब्लॉक से लेकर जिला स्तर पर धरने प्रदर्शन किये जा रहे हैं। जिला प्रशासन भी मामले को लेकर सतर्क है। कांग्रेसियों की ट्रैक्टर रैली को देखते हुए बुधवार सुबह ही समालखा एरिया को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया। पुराना बस अड्डा पर लगने वाली सब्जी मंडी से लेकर रेहड़ी वालों तक को हटवा दिया गया। वहीं नई अनाज मंडी में भी भारी पुलिस बल को तैनात किया है।
छौक्कर कर रहे नेतृत्व
एएसपी पूजा वशिष्ठ व डीएसपी प्रदीप कुमार ने भी निरीक्षण किया। कांग्रेस विधायक के कार्यालय के सामने दर्जनों किसान ट्रैक्टर लेकर पहुंच चुके हैं। रैली का नेतृत्व में समालखा हलका से कांग्रेस विधायक धर्म सिंह छौक्कर व कांग्रेस के युवा प्रदेशाध्यक्ष सचिन कुंडू कर रहे हैं। धर्म सिंह छौक्कर का कहना है कि भाजपा एक तरफ तो किसान हितैषी होने का दम भरती है, दूसरी तरफ किसानों के साथ छलावा किया जा रहा है।
