
उपमुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई इस समीक्षा बैठक के दौरान गुरूग्राम जिला से संबंधित तीन पुल परियोजनाओं पर चर्चा हुई। इनमें संबंधित अधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री को बताया कि गांव धनवापुर के पास 8.12 करोड़ रूपये की अनुमानित लागत से रेलवे अंडरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है जोकि लगभग एक वर्ष में पूर्ण होगा। इसी प्रकार, फरीदाबाद – गुरूग्राम रोड पर गांव बंधवाड़ी के पास लगभग 11.22 करोड़ रूप्ये की लागत से पुल का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना का लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। वहीं गुरूग्राम में मुख्य बस अड्डे के पास राव महावीर चौक पर अंडरपास का निर्माण कार्य भी चल रहा है। इस परियोजना का लगभग 11 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है और इसमें राव महावीर सिंह चौक तथा महाराजा अग्रसैन चौक के चौराहों का सुधारीकरण भी शामिल है। पूरी परियोजना की लागत लगभग 56 करोड़ रूपये है।
बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि वे परियोजना का नींव पत्थर रखवाने से पहले यह सुनिश्चित करें कि उस परियोजना की प्रशासनिक स्वीकृति हो, जगह सभी विवादों से मुक्त हो तथा उसकी वित्तीय लागत का सही अनुमान लगाया जाए। उसी अनुसार परियोजना को पूर्ण करने का समय भी निर्धारित करवाएं, उसके बाद निर्माण निश्चित अवधि में ही पूरा हो।
