हिसार : हिसार के हांसी में दिलदहलाने वाला मामला सामने आया है। हांसी में भाटला-डाटा मार्ग में मंगलवार देर रात को लुटेरों ने गांव डाटा निवासी 35 वर्षीय राममेहर से करीब 11 लाख रुपये लूट लिए। रामभगत डिस्पोजल बर्तन का व्यापारी है। उसकी बरवाला में फैक्ट्री है। लुटेरों का इतने से मन नहीं भरा। उन्होंने व्यापारी को कार में बंदकर आग के हवाले कर दिया। इसके बाद लुटेरे मौके से फरार हो गए। हादसे में व्यापारी जल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस को देर रात 12 बजे घटना की जानकारी मिली। पुलिस फौरन मौके पर पहुंची तो देखा की कार पूरी तरह जल चुकी है और उसमें एक व्यक्ति जला हुआ पड़ा है। पुलिस ने गाड़ी के नंबर के आधार पर परिजनों से संपर्क किया। थोड़ी ही देर में मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घटना के समय व्यापारी बुरी तरह से घबराया हुआ था। उसने रात को अपने भांजे को सहायता के लिए फोन भी किया था। इसकी ऑडियो क्लिप वाट्सएप ग्रुपों में वायरल हो रही है।
कार को आग लगा रहे हैं मुझे बचा लो..
जब लुटेरे व्यापरी को लुटने के बाद कार को आग लगा रहे थे तो व्यापारी ने परिवार के पास फोन कर बचाने की गुहार लगाई। व्यापारी ने कहा जल्दी आ जाओ मेरी जान खतरे में है। दो बाइकों पर सवार लोग उसे मार डालेंगे। परिजनों ने जल्द मौके पर पहुंचने की बात कही। ऑडियो से पता चला है कि व्यापारी ने अपने भांजे को फोन को किया था।
मंगलवार को बैक से निकलवाए थे 11 लाख
सदर थाना प्रभारी कश्मीरी लाल ने बताया कि पुलिस को रात को 12 बजे सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति को बरवाला रोड पर महजत गांव के पास कार के अंदर ही जला दिया गया है। पुलिस मौके पर पहुंची तो कार जल चुकी थी। उन्होंने बताया कि मृतक के स्वजनों ने बताया है कि राममेहर हिसार से अपने गांव डाटा आ रहा था। उसकी बरवाला में डिस्पॉजल कप प्लेट की फैक्ट्री है व मंगलवार को बैंक से 11 लाख रुपये निकलवाए थे। रात करीब 12 बजे के आसपास महजत गांव के पास दो बाइक सवारों ने कार को घेर लिया व जबरन रोककर पैसे लूटने के बाद कार को आग लगा दी। एसएचओ कश्मीरी लाल ने कहा कि अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है पुलिस जल्द आरोपितों को गिरफ्तार करेगी। इस रूट पर सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
