हरियाणा : हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता रह चुके इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार के मंत्रियों पर प्रहार किया है। अभय ने कहा कि सरकार लोगों के बीच अपना भरोसा खो चुकी है। आज हालत यह हो गई कि भाजपा सरकार का कोई मंत्री और विधायक बिना सुरक्षा के गांवों में नहीं घुस सकता। यदि उनमें इतनी हिम्मत है तो गांवों में जाएं और लोगों खासकर किसानों का सामना कर दिखाएं।
चंडीगढ़ में विधानसभा परिसर के बाहर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा व कांग्रेस के पास बताने के लिए कुछ नहीं है। दोनों दलों के नेता मनोहर लाल तथा भूपेंद्र हुड्डा प्रेस कान्फ्रेंस के माध्यम से बरोदा का विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। न तो दस साल में कांग्रेस ने और न ही भाजपा ने छह साल में बरोदा के विकास के लिए कोई काम किया। अब मुख्यमंत्री चुनाव के समय घोषणाएं कर बरोदा की जनता को बरगलाने का काम कर रहे हैं।

अभय ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने किसानों के विरुद्ध उन्हें नुकसान पहुंचाने वाले तीन कानून बनाए हैं तथा हरियाणा की मनोहर लाल सरकार ने उन्हें लागू किया है। इसका विरोध करने वाले किसानों पर लाठियां चलाई गई। भाजपा की हालत अब यह हो गई कि कोई मंत्री और विधायक बिना सुरक्षा के गांव में घुसकर दिखाए। लोग उन्हें सबक सिखाने को तैयार बैठे हैं। मंत्री लोगों के डर की वजह से 150 से 200 पुलिसकर्मियों की फौज लेकर चल रहे हैं। जिस दिन किसान अपनी पर आ गया तो पुलिस का डंडा उल्टा सरकार पर ही चल जाएगा।
इनेलो विधायक ने कहा कि कृषि कानूनों पर विधानसभा का सत्र बुलाकर खुलकर चर्चा होनी चाहिए। मुझे स्पीकर ने पिछली बार भरोसा दिलाया था। मंगलवार को जब मैं विधानसभा गया तो वहां स्पीकर से इस बारे में पूछा तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। कृषि कानूनों को पास कराने की मंशा से ही केंद्र सरकार ने हमें 80 दिन तक घरों में कैद कर रखा।
