गुरुग्राम : सेक्टर-37डी स्थित रामप्रस्था सोसाइटी के करीब 4 हजार लोग उस वक्त परेशान हो गए जब बिल्डर ने पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण प्राधिकरण (ईपीसीए) के आदेशों की पालना के लिए जनरेटर से बिजली आपूर्ति बंद कर दी। केवल लिफ्ट के लिए ही जनरेटर चलाया गया। इससे परेशान होकर स्थानीय आरडब्ल्यूए ने जिला उपायुक्त से मुलाकात की और बिजली की पर्याप्त व्यवस्था होने तक जनरेटर चलाने की अनुमति मांगी।

एज कंडोमीनियम वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान विजय राणा, संयुक्त सचिव अतनु भट्टाचार्या ने बताया कि बिल्डर को विकास शुल्क के रूप में मोटी राशि करीब चार साल पहले ही दी थी। सोसाइटी में अब तक बिल्डर ने स्थायी बिजली कनेक्शन नहीं लिया है। अस्थायी कनेक्शन पर लोड अधिक होने के कारण औसतन 5 घंटे तक बिजली गुल रहती है। इस दौरान जनरेटर से बिजली आपूर्ति की जाती है। ईपीसीए के आदेश के बाद अब बिल्डर जनरेटर चलाने से मना कर रहा है।
ऐसे में मंगलवार को बिजली कटौती होने पर जनरेटर नहीं चलाया गया जिसके कारण उन्हें परेशान होना पड़ा। जनरेटर से बिजली आपूर्ति के लिए मंगलवार को स्थानीय लोगों ने जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।
