हरियाणा : कृषि मौसम विज्ञान विभाग, चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार ने मौसम को लेकर जानकारी जारी की है, जिसके अनुसार हरियाणा राज्य में 16 दिसम्बर तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है

परन्तु 15 व 16 दिसम्बर को कहीं कहीं हल्के बादल भी संभावित। इस दौरान उत्तर पश्चिमी हवाएँ चलने से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट व कहीं कहीं सुबह व देर रात्रि धुन्ध रहने की संभावना है।
मौसम आधारित कृषि सलाह-
■ गेहूं की पछेती बिजाई अब तक पूरी न कि हो तो जल्दी से जल्दी पूरी करे इसके लिए उन्नत किस्मों डब्लयू एच 1124 व डब्लयू एच 1021 के प्रमाणित बीज की मात्रा 50 किलो प्रति एकड़ प्रयोग करे।
■ बिजाई से पहले बीज जनित व भूमि जनित बीमारियों से बचाव के लिए टेबुकोनाजोल 1ग्राम प्रति किलो ग्राम बीज या कार्बोक्सिन 2 ग्राम प्रति किलोग्राम बीज के हिसाब से बीजोपचार अवश्य करे।
■ अगेती गेहूं की फसल जो 21 दिन की हो गई हो, यदि पानी उपलब्ध हो तो सिंचाई अवश्य करे। अगेती सरसों की फसल में निराई गुड़ाई कर खरपतवार निकाले व नमी संचित करे तथा यदि पानी उपलब्ध हो तो आवश्यकतानुसार सिंचाई करे।
■ चने की फसल में निराई गुड़ाई कर नमी संचित करे। मौसम खुश्क रहने की संभावना देखते हुए लगी हुई सब्जियों व फलदार पौधों तथा हरे चारे वाली फसलों में आवश्यकतानुसार सिंचाई करे।
नोट: किसान भाई नरमा-कपास, धान व अन्य फसल बेचने के लिए मंडी/गांव में मास्क अवश्य पहन कर रखे तथा सामाजिक दूरी अवश्य बना कर रखे ताकि कोरोना से बचाव हो सके। कृषि मौसम विज्ञान विभाग हकृवि हिसार।

