हरियाणा : कोरोना महामारी से जंग में वैक्सीनेशन की प्रक्रिया को लेकर हलचल जोरों पर है। इसके तहत जहां देश भर में तमाम स्तरों पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं वहीं हरियाणा के करनाल जिले के नाम अहम उपलब्धि दर्ज हुई है।

बता दें कि करनाल को देश भर में वैक्सीन की स्टोरेज के लिए बनाए गए मिनी हब की फेहरिस्त में शामिल किया गया है, जहां से हरियाणा सहित उत्तर भारत के अन्य राज्यों में वैक्सीन की आपूर्ति की जाएगी। उत्तर भारत के लिए चयनित दो मिनी हब में करनाल के अलावा दिल्ली भी शामिल है। इसके अलावा देश के अन्य हिस्सों में कोलकाता, गुवाहाटी, चेन्नई, हैदराबाद को भी मिनी हब बनाया गया है। डीसी ने बताया कि कोरोना वैक्सीनेशन की उपयोगिता और अहमियत को बखूबी समझते हुए स्वास्थ्य विभाग के साथ इसका भंडारण करने वाले सेंट्रल मेडिकल स्टोर के पूरे स्टाफ को प्रशिक्षित किया है। किसी भी स्तर पर भंडारण की प्रक्रिया में कोताही नहीं बरतने की ताकीद भी की गई है।
कोरोना वैक्सीनेशन के भंडारण के लिए केंद्र सरकार की ओर से विशेष रूप से प्राप्त गाइडलाइंस का पूरी गंभीरता के साथ अनुपालन होगी। बता दें कि कोरोना वैक्सीनेशन की आपूर्ति के लिए मुख्य केंद्र पुणे होगा जहां से देश के तमाम राज्यों के लिए चरणबद्ध ढंग से वैक्सीनेशन का वितरण होगा। देश भर में कुल 41 स्थानों को टीके के वितरण के लिए अंतिम रूप दिया गया है।

