भिवानी : देश के दूसरे प्रधानमंत्री और ‘जय जवान जय किसान, ’ का नारा देने वाले लाल बहादुर शास्त्री की आज पुण्यतिथि है। भाजपाइयों ने आज जिले के गांव ढाणा लाडन पूर में पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भाजपा नेता रीतिक वधवा, सुनील चौहान एवं दीपक तंवर ने कहा कि आज देश के पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की पुण्य तिथि के अवसर पर,जीवन में उच्च आदर्शों तथा सादगी की प्रतिमूर्ति, शास्त्री जी की राष्ट्रसेवा तथा कर्तव्य निष्ठा, समर्पण को भाजपा कार्यकर्ता सादर प्रणाम करते हैं। उन्होंने कहा कि युद्ध और कृषि संकट के समय भी, देश की एकता, अखंडता सुरक्षित रखने और राष्ट्र की प्रगति में सैनिकों और किसानों के योगदान को सम्मान देने के लिए उन्होंने ‘जय जवान, जय किसान’ का अमर मंत्र दिया। देश में कृषि और दुग्ध उत्पादन में क्रांति के लिए शास्त्री जी के प्रयासों को सदैव आदरपूर्वक स्मरण किया जाएगा। कृतज्ञ देश के साथ शास्त्री जी की स्मृति को भाजपा कार्यकर्ता सादर प्रणाम करते हैं।उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का 11 जनवरी 1966 को ही निधन हुआ था। अपनी साफ सुथरी छवि और सादगी के लिए प्रसिद्ध शास्त्री ने प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के निधन के बाद नौ जून 1964 को प्रधानमंत्री का पदभार ग्रहण किया था। उनके नेतृत्व में भारत ने 1965 की जंग में पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी। ताशकंद में पाकिस्तान के राष्ट्रपति अयूब खान के साथ युद्ध समाप्त करने के समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद 11 जनवरी 1966 की रात में रहस्यमय परिस्थितियों में उनकी मृत्यु हो गई। इस अवसर पर कुणाल जांगड़ा , इमरान बापोड़ा , दीपक तंवर , अमित कुमार, डा. योगेश, राजेंद्र कुमार, महाबीर शर्मा, राजेश कुमार, राजीव शर्मा, विजय कुमार, राजेश कुमार ,रमेश चौधरी , पंकज शर्मा ने भी पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की पुण्य तिथि पर नमन किया।

