होडल : राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय होडल के प्रांगण में मंगलवार को 72वां गणतंत्र दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। होडल के एसडीएम संदीप अग्रवाल ने बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी ली।उन्होंने कहा कि आज हम अपना 72वां गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। सन 1950 में आज ही के दिन हमारा संविधान लागू हुआ था। संविधान सभा के सदस्यों ने लगभग 3 वर्षों की कड़ी मेहनत के बाद यह संविधान तैयार किया। इसी संविधान की बदौलत छोटे-बड़े, अमीर-गरीब, सभी को न्याय, स्वतंत्रता और समानता का अधिकार मिला। इस अवसर पर मैं बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर समेत संविधान सभा के तमाम सदस्यों को नमन करता हूं

गणतंत्र दिवस के इस पावन पर्व के साथ हमारे देशभक्तों के त्याग, तप और बलिदान की एक लम्बी गौरवगाथा जुड़ी हुई है। देश को आजादी दिलाने के लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, लाला लाजपत राय, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद, पण्डित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉ. भीमराव अम्बेडकर जैसे अनेक महान स्वतंत्रता सेनानियों ने कड़ा संघर्ष किया। शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, चंद्रशेखर आजाद और उधम सिंह जैसे क्रांतिकारियों के बलिदानों के कारण ही आज हम आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं। मैं देश की आजादी के लिए अपने प्राणों को न्योछावर करने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात शहीदों के साथ-साथ उन जांबाज सैनिकों को भी सलाम करता हूँ, जिन्होंने आजादी के बाद देश की एकता-अखण्डता के लिए अपने प्राणों की बाजी लगा दी। इस अवसर पर एनसीसी के विद्यार्थियों द्वारा परेड का सुंदर प्रदर्शन किया गया तथा स्कूली बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक व देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रमों की भव्य प्रस्तुति दी। एसडीएम संदीप अग्रवाल ने विभिन्न विभागों व अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संस्थाओं व खिलाडिय़ों को स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का मंच संचालन महेश गौड ने किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी हसनपुर डा. मामराज रावत, खण्ड शिक्षा अधिकारी होडल यशपाल गर्ग, चेयरपर्सन नगर परिषद होडल आशा रानी, सचिव मार्किट कमेटी जगमोहन गोयल, होडल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य जीतपाल व रमेश चंद महलावत सहित अन्य अधिकारीगण व कर्मचारीगण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
