अंबाला : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि किसानों से पहले भी लगातार बातचीत होती रही है और इसके रास्ते खुले हैं। किसानों व सरकार के बीच बातचीत से ही इसका हल निकलेगा। मनोहर लाल रविवार को अंबाला में गृह मंत्री अनिल विज के स्वास्थ्य का हालचाल जानने पहुंचे थे। मनोहर लाल के दौरे के मद्देनजर विज की शास्त्री कालोनी स्थित कोठी के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। दोनों नेताओं के बीच विभिन्न मुद्दों पर बातचीत भी हुई। पत्रकारों से बातचीत करते हुए मनोहर लाल ने किसानों के मुद्दे के जल्द हल होने का भरोसा जताया। मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कह चुके हैं कि इस मुद्दे का हल आपसी बातचीत से ही होगा। टोल बंद करने के मामले पर सीएम ने कहा कि किसानों के साथ किसी तरह का टकराव न हो इसलिए टोल को सरकार ने ही बंद कराया है। इंटरनेट सेवाओं को बंद करने के सवाल पर सीएम ने कहा कि 26 जनवरी को जिस तरह से दिल्ली में विवाद हुआ, उसे देखते हुए यह सेवाएं बंद की गई हैं। लेकिन जैसे-जैसे परिस्थितियों में सुधार होता जाएगा, यह सेवाएं बहाल कर दी जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि किसानों से बातचीत से ही इसका हल निकल पाएगा।

