पानीपत : Union Budget 2021-22: कोरोना काल में मिले सबक से उम्मीद थी कि इस बार के बजट में केंद्र सरकार हेल्थ सेक्टर को बड़ा तोहफा जरूर देगी। स्वास्थ्य क्षेत्र के बजट में 135 फीसद का इजाफा (94 हजार से 2.38 लाख करोड़) हुआ तो बड़ी डोज मिल गई। ग्रामीण क्षेत्र में 75 हजार हेल्थ सेंटर की घोषणा, प्रदेश में बनने वाले 600 हेल्थ वेलनेस केंद्रों के लिए भी संजीवनी साबित होने वाली है। इससे हरियाणा में स्वास्थ्य सिस्टम को बड़ा फायदा होगा और राज्य में हेल्थ वेलेनेस केंद्रों को इम्यूनिटी बुस्टर डोज मिलेगी।

इंफ्रास्ट्रक्चर होगा मजबूत, स्टाफ की होगी नियुक्ति
दरअसल, वित्तीय वर्ष 2021-22 में प्रदेश के 15 जिलों में सब सेंटर्स को अपग्रेड कर 600 हेल्थ वेलनेस सेंटर बनने हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन हरियाणा के डायरेक्टर प्रभजोत सिंह ने संबंधित जिलों को इसकी जानकारी भी दे दी है।अपग्रेडेशन कार्य के लिए पीडब्ल्यूडी बीएंडआर(भवन एवं सड़क) के खाते में 42 करोड़ रुपये की धनराशि ट्रांसफर कर दी गई है। इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा करना ही काफी नहीं है। चिकित्सीय स्टाफ की नियुक्ति होगी, उपकरण भी क्रय किए जाएंगे। नोडल अधिकारी डा. मनीष पासी ने बजट पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा में बनने वाले 600 हेल्थ वेलनेस सेंटर का इंफ्रास्ट्रक्चर तो मजबूत होगा ही, नए सेंटर खुलने की उम्मीद भी बढ़ गई है।
जिला सब सेंटर संख्या रकम लाखों में
अंबाला 06 42
गुरुग्राम 14 98
हिसार 80 560
जींद 90 630
करनाल 20 140
कुरुक्षेत्र 50 350
नूंह-मेवात 03 21
नारनौल 80 560
पलवल 30 210
पंचकूला 02 14
पानीपत 40 280
सिरसा 30 210
सोनीपत 80 560
यमुनानगर 05 35
पानीपत की ये बिल्डिंग चिन्हित :
जिला पानीपत में 40 हेल्थ वेलनेस सेंटर बनेंगे। इनमें से 32 सरकारी इमारतों में और आठ पंचायतों की बिल्डिंग में होंगे। मच्छरौली, नामुंडा, किवाना, अलूपुर, नैन, परढ़ाना, भाउपुर, पाथरी, अटावला, उरलाना कलां, खुखराना, लोहारी, बाल जाटान, शेरा, खंडरा, ब्राह्मण माजरा, डाहर, बुआना लाखू, शाहपुर, जौंधन कलां, अधमी, जलालपुर, गोयला खेड़ा, गढ़ी बेसिक, बबैल, कुटानी, निजामपुर, खलीला, बरौली, शिमला मौलाना, फरीदपुर व गढ़ी सिकंदरपुर में सरकारी बिल्डिंग चिन्हित कर ली गई हैं।
हेल्थ वेलनेस सेंटर बनने से मरीजों की रेफरल संख्या घटेगी। प्रत्येक केंद्र में आयुष विभाग के एक मेडिकल आफिसर, दो स्टाफ नर्स, एक फार्मासिस्ट, एक लैब टेक्निशियन, एक एएनएम व एक बहु उद्देश्यीय कर्मचारी की नियुक्ति रहेगी।
