चंडीगढ़ : उत्तराखंड त्रासदी कोष में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 11 करोड़ रूपये देने का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार देवभूमि उत्तराखंड की हरसंभव सहायता करेगी. बता दें कि दो दिन पहले ही जोशीमठ के पास ग्लेशियर फटने की वजह से उत्तराखंड में हादसा हुआ था.
सीएम खट्टर ने ट्वीट कर इसकी जानकारी देते हुए लिखा कि देवभूमि उत्तराखंड में ग्लेशियर टूटने से आई आपदा ने बहुत सी अनमोल जिंदगियों पर प्रभाव डाला है. इस प्राकृतिक आपदा से उत्पन्न हुई परिस्थितियों से निपटने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹11 करोड़ की राशि दी जाएगी. इसके अलावा हरियाणा द्वारा हर संभव मदद प्रदान की जाएगी
बता दें कि उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर टूटने से मची तबाही में अबतक 36 लोगों की मौत हो गई है. वहीं अभी भी करीब 170 से ज्यादा लोग लापता हैं. बड़ी बात यह है कि तपोवन की साढ़े तीन किलोमीटर लंबी सुरंग में अभी भी करीब 35 लोग फंसे हैं. इन लोगों को निकालने के लिए ऑपरेशन दिन रात चल रहा है.
