कासगंज में बिकरू जैसी घटना को अंजाम देने की कोशिश करने वालों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। सीएम योगी ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है। उन्होंने गुनाहगारों पर रासुका के तहत कार्रवाई के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने शहीद पुलिसकर्मी के परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और आश्रित को सरकारी नौकरी देने के निर्देश दिए हैं।

यह है मामला मंगलवार की देर शाम कासगंज के सिढ़पुरा थाने से दरोगा अशोक पाल, सिपाही देवेंद्र सिंह को अवैध शराब की खेप की सूचना मिली थी। दरोगा सिपाही दबिश देने पहुंचे तो शराब माफिया ने दोनों पर हमला कर दिया। दोनों को बंधक बनाकर पीटा गया। उनकी वर्दी फाड़ दी गई। असलहा भी छीन लिया गया। दरोगा को रास्ते में फेंककर सिपाही को अपने साथ लेकर चले गए। सिपाही देवेंद्र सिंह और दरोगा अशोक पाल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जहां से बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मुख्यालय से डीएम चन्द्रप्रकाश सिंह समेत आला अफसर रवाना हो गए।
